मिर्जापुर,ड्रमंडगंज: थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास मंगलवार को सुबह लघुशंका करने उतरे एक यात्री की कार और उसमें बैग में भरकर रखे दो लाख रुपये नकद व आभूषण लेकर चालक फरार हो गया। लघुशंका के बाद गाड़ी नहीं दिखाई देने पर यात्री के होश उड़ गए। पीड़ित ने मंगलवार को देर शाम ड्रमंडगंज थाने में तहरीर दी।। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच जुट गई है। सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के बिरहुलियां गांव निवासी प्रशांत कुमार चौबे मंगलवार को मध्य प्रदेश के सतना जिले के अमरपाटन स्थित अपने मामा के घर से नई कार पर बैठकर मिर्जापुर के लिए चले थे। रास्ते में भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर गाड़ी रुकी तो वे लघुशंका करने के लिए नीचे उतर गए। उसी दौरान भुक्तभोगी के सामने से ही चालक रुपये व आभूषण भरे बैग के साथ कार लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पीड़ित यात्री को साथ लेकर मध्य प्रदेश में रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही स्थित मसूरिहा टोल प्लाजा गई। वहां से कंपनी की नई गाड़ी का चेचिस नंबर निकाला गया। उसके बाद पुलिस कार से संबंधित कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चालक का पता लगाने में जुट गई। पीड़ित प्रशांत कुमार ने बताया कि बहन की शादी में लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए मामा से दो लाख रुपये लिए थे। रुपये लेकर घर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में यह घटना घट गई। उन्होंने तहरीर देकर रुपये और आभूषण दिलाने की मांग की। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फरार वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।