मड़िहान/पटेहरा। दीपनगर-पटेहरा संपर्क मार्ग पर सेंटर मोड़ के पास बुधवार की देर रात बाइक नहर में गिर जाने से तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे।
मड़िहान थानाक्षेत्र के पचोखरा गांव निवासी राजू के पुत्र विकास की बरात बुधवार को संतनगर थानाक्षेत्र के दीपनगर गांव गई थी। मड़िहान थाने के राजापुर निवासी प्रमोद (21) अपने साथी मनीष (20) और ममेरे भाई रामबाबू उर्फ छोटू (20) निवासी पचोखरा, मड़िहान के साथ बाइक से बरात में गया था। देर रात एक बजे संतनगर थानाध्यक्ष अरविंद सरोज मिर्जापुर से लौटते समय रास्ते में पुलिया पर रुके थे। इसी दौरान बरात से लौटते समय बाइक सवार प्रमोद, मनीष और रामबाबू सेंटर मोड़ के पास नहर में जा गिरे। थानाध्यक्ष ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर तीनों को पीएचसी पटेहरा भिजवाया। वहां डॉक्टर ने प्रमोद और मनीष को मृत घोषित कर दिया। रामबाबू को ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। वहां रामबाबू को भी मृत घोषित कर दिया गया। सीओ लालगंज मंजरी राव ने बताया कि नहर में गिरने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
उधर, संतनगर थानाक्षेत्र के दीपनगर-पटेहरा संपर्क मार्ग पर सेंटर मोड़ के पास बुधवार की देर रात जिस नहर में गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई, उसी नहर में बाइक सवार जानकी (22) निवासी नदिहार थाना राजगढ़ भी गिरने से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल जानकी को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।