शादी से पहले भागी दुल्हन, बराती लौटी
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

शादी से पहले भागी दुल्हन, बराती लौटी

 


लालगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात सात फेरे लेने के पहले दुल्हन घर से कहीं चली गई। इससे खलबली मच गई। लड़की के पिता पास के कुएं में कूद गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद दोनों पक्ष दुल्हन की छोटी बहन से शादी के लिए तैयार हुए, परंतु उसने इंकार कर दिया। इससे मामला बिगड़ गया। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को आपस में सुलह समझौता करने का सुझाव दिया। हालांकि सुबह होते ही मामला थाने तक पहुंच गया। जहां काफी देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर लिया। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात रविवार की रात दूसरे गांव में आई थी। बराती डीजे व बैंड बाजे के साथ जलपान करके द्वारचार के लिए पहुंच गए। इसी बीच सूचना मिली की लड़की घर से कहीं चली गई। ऐसी स्थिति में लड़की पक्ष के लोग परेशान हो गए। गांव व घर के लोगों ने काफी देर तक खोजबीन की। जब लड़की नहीं मिली तो पिता कुएं में कूद गए। उन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। इसके बाद वे अपनी छोटी बेटी से शादी करने को तैयार हो गए। विवाह की सूचना छोटी बेटी को मिली तो उसने भी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। इससे घराती और बराती पक्ष के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्ष के बड़े बुजुर्ग देर रात तक छोटी बहन से शादी को लेकर प्रयासरत रहे, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद नाराज होकर लड़के पक्ष के लोगों ने पीआरवी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष के लोगों को आपस में सुलह समझौते करने का मौका दिया। समय बीत गया और सुबह हो गई। विवाह का मामला हल नहीं हो सका। इससे नाराज लड़के पक्ष के लोग विवाह के खर्च की लड़की पक्ष से मांग पर अड़ गए। इससे लड़की पक्ष वाले परेशान हो गए। चिंतित लड़की के पिता ने कहा कि उनकी लड़की भी कहीं चली गई है, ऐसे में हर्जाना किस बात का दें। सुबह थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांग पर अड़े रहे। ज्ञात हो, इसके पहले यह शादी 12 फरवरी को कछवां में आयोजित सामूहिक विवाह में संपन्न हो चुकी थी, लेकिन परिजन अपना शौक पूरा करने के लिए बरात लेकर गए थे, क्योंकि सामूहिक विवाह में लड़की की विदाई नहीं हुई थी। इस बीच लड़की के कहीं चले जाने के बाद बराती दूल्हे के साथ थाने में विवाह का खर्च दिलाने की मांग को लेकर पुलिस के पास पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष ज्ञानू प्रिया ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगों से बात की गई। दोनों पक्ष के लोगों ने आपस में बातचीत कर सुलह कर लिया। लड़की के पिता की तहरीर पर लड़की को भगाने का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies