लखनऊ: 13 जून 2023
हज-2023 हेतु लखनऊ उड़ान स्थल से तैंतालीसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3741 आज 13 जून, 2023 को 262 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय प्रातः 08ः00 बजे चौधरी चरण सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जद्दाह के लिए रवाना हुई। इस उड़ान से 140 पुरुष व 122 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक मऊ जिले के 107, बलिया के 63, संतकबीरनगर के 47 व आजमगढ़ के 44 हज यात्री गये हैं। इस उड़ान से एक खादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) मो0 आसिफ हापुड़ के हज यात्रियों के सुविधार्थ गये हैं।
यह जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव कार्यपालक अधिकारी, एस0पी0 तिवारी ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ उड़ान स्थल से चवालीसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3891, 288 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय दिन में 12ः00 बजे जद्दाह के लिए रवाना हुई। इस उड़ान से 147 पुरुष व 141 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक जौनपुर जिले के 102 व संतकबीरनगर के 87 हज यात्री गये हैं। आज तक लखनऊ से 12,791 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
श्री तिवारी ने बताया कि 17 व 19 जून 2023 की उड़ानें सऊदी एयरलाइंस की शिड्यूल उड़ानें है जो दिन में 12ः00 बजे जाएंगी, जिसके लिए हज यात्रियों को हज हाउस 08 घण्टे पहले से आना होगा। उत्तर प्रदेश के अब तक कुल 24,655 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।