मिर्जापुर,अहरौरा: वाराणसी शक्तिनगर राज्य मार्ग 5ए से गुजरने वाले वाहनों को पूर्व में निर्धारित पथकर या पारगमन शुल्क से अधिक धनराशि की अदायगी का भुगतान एक अप्रैल की मध्यरात्रि से ही करना होगा। इस मार्ग पर बनाए गए टोल प्लाजा पर पूर्व के निर्धारित शुल्क में इजाफा कर दिया गया है। अब इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को पहले से अधिक शुल्क देय होगा। इसमें जिले में थाना अदलहाट क्षेत्र के फत्तेपुर स्थित टोल प्लाजा अहरौरा के वनस्थली महाविद्यालय के बने टोल पर लोगों को बढ़ा शुल्क देकर गुजरना होगा। शासन के निर्देश पर राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से यह शुल्क वृद्धि उ प्र स्टेट हाईवे अथॉरिटी के निर्धारित मानकों के अधीन की गई है। जिसके संबंध में उपसा ने पूर्व में ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश राज्य मार्ग प्राधिकरण द्वारा राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार एक अप्रैल शुक्रवार की मध्यरात्रि 12 बजे से ही शुल्क में बढ़ोतरी किए जाने का निर्णय लिया गया है। वाराणसी शक्तिनगर राजमार्ग 5ए पर से गुजरने वाले वाहन चालकों को राजस्व वृद्धि के चलते अब अधिक शुल्क अदा करना होगा। उनकी जेब पहले से अधिक ढीली होगी। जारी किए गए नोटिफिकेशन के आधार पर टी पी एक पर छोटी लाइट मोटर व्हीकल गाड़ियों के लिए एक तरफ की यात्रा पर डेढ़ सौ रुपये तथा दोनों तरफ की यात्रा पर 225 रुपये का भुगतान करना होगा। मासिक पास 4970 रुपए का बनेगा। जबकि अभी तक एक तरफ की यात्रा के लिए 140 रुपये व दोनों तरफ की यात्रा के लिए 210 रुपए का शुल्क लिया जाता था। अब इसमें 10 से 15 रुपये तक की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। इसी तरह लाइट व्यावसायिक वाहन का एक तरफ का 225 व वापसी मिलाकर 335 होगा। मासिक पास 7450 का बनेगा। बस व ट्रक एक तरफ का 445 व दोनों तरफ का 670 शुल्क देना होगा। मासिक पास 14205 का बनेगा। इसके अलावा भारी वाहन के लिए एक तरफ का 710 व दोनों तरफ का 1065 रुपये होगा। मासिक शुल्क 23700 होगा। ओवरसाइज व्हीकल के एक तरफ का 895 व दोनों तरफ का 1340 रुपये होगा। इसका मासिक किराया 29810 रुपये भुगतान करना होगा। इसी के सापेक्ष टीपी 2, 3, तथा 4 के टोल शुल्क में भी अपेक्षित वृद्धि कर दी गई है जिसका भार वाहन चालकों को अधिक भुगतान कर उठाना होगा। राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से उ प्र राज्य मार्ग प्राधिकरण द्वारा पथकर और पारगमन शुल्क में वृद्धि किये जाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जो एक 1 अप्रैल शुक्रवार को मध्य रात्रि से निर्धारित नई दरों पर लागू होगी। वाराणसी शक्तिनगर राज्य मार्ग 5 ए पर गुजरने वाले वाहन चालकों को टोल नाके पर नई दरों से भुगतान करना होगा।