प्रयागराज: निकाय चुनाव के ठीक पहले समाजवादी पार्टी “देश बचाओ-देश बनाओ पदयात्रा” निकाल रही है। पदयात्रा में शामिल लोग सपा संरक्षक स्व. मुलायम सिंह के विचारों, संघर्षों और उनकी उपलब्धियों को गिनाते हुए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए सपा से जुड़ने का आह्वान कर रहे हैं। तीसरे चरण की पदयात्रा आज गुरुवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंच रही है। यहां आठ दिनों तक अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी।
स्थानीय लोगों से मुलाकात कर भाजपा द्वारा शोषित और प्रताड़ित लोगों से मिलते हुए, सत्ता के विकल्प के रूप में सपा काे लाने का आह्वान किया जाएगा। प्रयागराज के मीडिया प्रभारी सूरज यादव ने बताया कि यह पदयात्रा सपा के राष्ट्रीय अखिलेश यादव के निर्देशन में निकाली गई है। यह वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और मीरजापुर होते हुए आज प्रयागराज जनपद में प्रवेश करेगी। प्रयागराज में होगा तीसरे चरण की पदयात्रा का समापन बीते दिनों सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन होने के बाद सपा अब उनकी उपलब्धियों को गिनाने का प्रयास कर रही है। लोगों के बीच में पहुंच रही पदयात्रा में मुलायम सिंह के विचारों और उनके द्वारा किए गए संघर्षों को बताया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने जिले के विधायक, पूर्व विधायक, निवर्तमान संगठन व युवा प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों से भी अपील की है कि वह इस यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
पदयात्रा की अगुवाई गाजीपुर के अभिषेक यादव कर रहे हैं। अभिषेक ने “दैनिक भास्कर” को बताया कि आठ दिन तक प्रयागराज में रहने के बाद पदयात्रा के तीसरे चरण का समापन हो जाएगा।
