प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी (RO)/सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO)-2021 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा 24 अप्रैल से शुरू हो रही है। 25 व 26 अप्रैल को भी पेपर होगा।यह परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद के 9 केंद्रों में होगी।
559155 अभ्यर्थियों ने किए थे आवेदन
लोक सेवा आयोग की आरओ/एआरओ परीक्षा में इस बार 354 पद हैं। इन पदों के सापेक्ष 559155 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 274702 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में 4830 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए अर्ह घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा में अब 3960 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए प्रयागराज में 4, लखनऊ में 3 और गाजियाबाद में 2 केंद्रों पर परीक्षा होगी।
जानिए कौन सा पेपर कब होगा?
24 अप्रैल को सुबह 9.30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन (प्रारंभिक परीक्षा जैसा ) का पेपर होगा।
अपराह्न दो से 4.30 बजे तक खंड-1 के तहत सामान्य हिंदी एवं आलेखन की परंपरागत प्रकार की परीक्षा होगी।
4.30 से पांच बजे तक सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा होगी।
25 अप्रैल को पहली पाली में सुबह 9.30 से अपराह्न 12.30 बजे तक हिंदी निबंध की परीक्षा होगी।
दूसरी पाली में अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक केवल समीक्षा अधिकारी (हिंदी) के अभ्यर्थियों के लिए अनुवाद की परीक्षा होगी।
अंतिम दिन 26 को सुबह 9.30 से अपराह्न 12.30 बजे तक केवल समीक्षा अधिकारी (उर्दू) के अभ्यर्थियों के लिए अनुवाद की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
