प्रयागराज: शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में मौज- मस्ती के साथ अब वाईफाई का लाभ भी लोग मुफ्त में ले सकेंगे। आजाद पार्क में वाईफाई लगाने के लिए पीडीए ने कार्य योजना तैयार कर ली है। सब कुछ सही रहा तो दो माह के भीतर आजाद पार्क में इंटरनेट की हाई स्पीड की सुविधा मुफ्त में मिलने लगेगी। फ्री वाई-फाई के लिए 30 लाख से ज्यादा किया जाएगा खर्च शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में वाई-फाई सुविधा के लिए लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जा सकते हैं। बजट में इजाफा भी हो सकता है। आजाद पार्क में प्रतिदिन हजारों लोग मार्निंग वाक और इवनिंग वाक करने आते हैं। इसके अलावा परिवार के साथ भी हजारों लोग मौज मस्ती करने पहुंचते हैं। इस दौरान लोगों को इंटरनेट की हाई स्पीड मुफ्त में पार्क के भीतर मिले इसके लिए पार्क में स्मार्ट सिटी योजना के तहत वाईफाई का इंतजाम करने का प्रयास हो रहा है। पार्क में वाईफाई की सुविधा के लिए पीडीए ने कार्य योजना तैयार कर ली है। इस सुविधा से लोग पार्क में ही इंटरनेट सर्फिंग, डाउनलोडिंग और प्रोफेशनल वर्क के लिए मुफ्त इंटरनेट की सुविधा टहलते हुए ले सकेंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को भी होगा लाभ
आजाद पार्क में इस सुविधा को शुरू होने से एचडी वीडियो स्ट्रीमिंग, मूवी-सॉन्ग्स डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा उन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी यहां मुफ्त इंटरनेट का लाभ उठाकर आनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। पीडीए के जोनल अधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही वाईफाई लगाने के लिए टेलीकाम कंपनी का चयन कर लिया जाएगा।
