
कौशांबी,प्रयागराज: सदर तहसील के रक्सौली गांव की जमीन पर एक महिला के शव दफनाने को लेकर मंगलवार को करीब दो घंटे हंगामा चलता रहा। एक पक्ष शव दफन करने पर अड़ा था, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण कब्र सरकारी जमीन में खोदे जाने की बात कहकर विरोध कर रहे थे। घटना की जानकारी पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के नगरेहा कला की एक विवाहिता की मंगलवार को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। विवाहिता का मायका क्षेत्र के ही मिरदहन का पुरवा गांव में था। परिवार के लोग शव लेकर मिरदहन का पुरवा पहुंचे। वह लोग कब्र खोद रहे थे। इस दौरान रक्सौली गांव के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि यह जमीन रक्सौली की है और सरकारी है। इसे लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर रोशन लाल मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी ग्रामीण शव उसी स्थान पर दफन करने को लेकर अड़े रहे। बाद में घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर नायब तहसीलदार विनीता पांडेय लेखपालों के साथ पहुंचीं और जमीन की नाप कराकर शव दफन कराने का स्थान चिह्नित किया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग शांत हुए। घटना के कारण करीब दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
