प्रयागराज: प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व प्राचार्य की भर्ती करने वाले माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को जल्द ही सदस्य मिल जाएंगे। सदस्यों के 10 रिक्त पदों को भरने के लिए शासन ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 मई रखी गई है। सदस्यों का कार्यकाल 2 साल का होगा। वर्तमान में चयन बोर्ड में सदस्यों के सभी पद खाली
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में 10 सदस्यों के पद हैं। एक पद अध्यक्ष का है। वर्तमान में सभी सदस्यों के 10 पद रिक्त चल रहे हैं। पिछले 5 सालों से चयन बोर्ड में केवल 5 सदस्य ही काम कर रहे थे। सदस्यों के 5 पद पूरे 5 साल खाली रहे। जो पांच सदस्य काम भी कर रहे थे उनका भी कार्यकाल 8 अप्रैल 2022 को समाप्त हो गया है। चयन बोर्ड में इस समय केवल अध्यक्ष ही बचे हैं। लिहाजा कोरम पूरा न हो पाने के कारण सभी भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। सरकार ने इस बार सदस्यों के सभी रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगा है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी माध्यमिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट madhyamikshiksha.upstc,gov.in पर लॉगइन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 14 मई 2022 रखी गई है। आवेदन की पात्रता और शर्तें वेबसाइट पर अपडेट हैं। ज्ञातव्य है कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग का विलय होना था। दोनों का विलय करके सरकार नया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग गठित करने के मूड में थे। हालांकि अभी इसका गठन नहीं हो पाया।
इसके पीछे विधानसभा चुनाव भी एक कारण है। अब लंबित भर्तियों के कारण सरकार ने चयन बोर्ड के रिक्त 10 पदों को भरने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि सरकार जून 2022 तक चयन बोर्ड में सदस्यों के सभी 10 रिक्त पदों को भर देगी।
