लखनऊ: उत्तर प्रदेश (UP chunav Result) में 10 मार्च को आने वाले नतीजों का सभी को इंतजार है. इस बीच यूपी चुनाव को लेकर आए अधिकतर एग्जिट पोल (Exit Poll) में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है. एग्जिट पोल (UP Exit Poll) के जारी नतीजों पर एक बार फिर से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की प्रतिक्रिया आई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ये एग्जिट पोल यह धारणा बनाना चाहते हैं कि भाजपा जीत रही है. उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा कि एग्जिट पोल यह धारणा बनाना चाहते हैं कि बीजेपी जीत रही है. यह लोकतंत्र की आखिरी लड़ाई है. उम्मीदवारों को बिना बताए ईवीएम पहुंचाई जा रही है. समाजवादी पार्टी के मुखिया ने आगे कहा कि अगर ईवीएम को इस तरह से ले जाया जा रहा है तो हमें सतर्क रहने की जरूरत है. यह चोरी है. हमें अपने वोट बचाने की जरूरत है. हम इसके खिलाफ अदालत जा सकते हैं लेकिन इससे पहले मैं लोगों से लोकतंत्र को बचाने की अपील करना चाहता हूं.अखिलेश यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या जीत रही है इसलिए बीजेपी डरी हुई है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दावा किया कि चुनाव आयोग के अधिकारी ईवीएम से छेड़छाड़ कर रहे हैं. बता दें कि सोनभद्र में भी सपा नेताओं ने स्ट्रांग रूम परिसर की ओर जा रही दो सरकारी गाड़ियों को पकड़ा है, जिसमें मुहर और मतपेटी मिले हैं.
