
प्रयागराज: प्रयागराज में दो दिनों से होली का जश्न मनाया जा रहा है। होली में कई ऐसे लोग अस्पताल पहुंचे जिनकी आंखें खराब हो गई है। ऐसा ही एक केस शनिवार को मनोहर दास नेत्र संस्थान में मिला। यहां एक युवक इमरजेंसी में माैजूद डॉक्टर के पास पहुंचता है और बताता है कि किसी ने होली के दौरान उसकी आंखों में बैटरी का पानी फेंक दिया।
यह सुनकर डॉक्टर भी अचंभित हो गए और तत्काल इलाज शुरू कराया। डॉक्टरों ने बताया कि बैटरी का पानी खतरनाक होता है, आंख में बैटरी का पानी जाने से आंख की रोशनी चली गई। यहां शुक्रवार और शनिवार दोपहर तक 50 से ज्यादा ऐसे लोग इलाज कराने पहुंचे थे, जिनकी आंखों में रंग चला गया।
अस्पताल के निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि होली पर आंख के मरीज अस्पताल में ज्यादा पहुंचते हैं इसलिए यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चलाई गई है।
बचाकर रहें, नाजुक होती हैं आंखें
तेज बहादुर सप्रू अस्पताल के नेत्र सर्जन डॉ. आरके गुप्ता कहते हैं आंखें बहुत ही नाजुक होती हैं इसलिए हमें अपनी आंखों को बचाकर रखने की जरूरत है। होली खेलते समय लोग यह भूल जाते हैं कि उन्हें अपनी आंखों की सुरक्षा किस तरह से करनी है।
होली में कई ऐसे लोग अस्पताल पहुंचते हैं जिनकी आंखों की रोशनी ही चली जाती है। इसलिए जब भी होली खेलें तो यह ध्यान रखें कि रंग उनकी आंखों पर बुरा असर डालता है।
