लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों (UP Election Result) के बाद अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की सत्ता में वापसी का इंतजार बढ़ गया और भाजपा एक बार फिर से जीत हासिल करने में सफल रही. यूपी चुनाव में मिली हार की समीक्षा करने में जुटे अखिलेश यादव के सहयोगी सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने हैरान करने वाला दावा किया है. ओम प्रकाश राजभर ने लखनऊ में बयान दिया है कि उन्हें पहले चरण में ही लग गया था कि वे चुनाव हार रहे हैं. राजभर ने दावा किया कि इसकी जानकारी उन्होंने अखिलेश यादव को भी दे दी थी. लखनऊ में मीडिया से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पहले ही चरण में लग गया था कि हम चुनाव हार रहे हैं. पता चल गया था कि हमारी सरकार बननी मुश्किल है. यह बात किसी से कहता तो हमारे लोग हौसला छोड़ देते. वोटिंग में लगे सरकारी कर्मचारियों से हमें इसकी जानकारी मिल रही थी. उन्होंने कहा कि मथुरा, आगरा में हमारे गठबंधन को उम्मीद के मुताबिक वोट नहीं मिला. ओपी राजभर ने दावा किया कि पहले चरण में हमारी हालत की जानकारी मैंने अखिलेश यादव जी को दे दी थी. इस जानकारी के बाद हम और मज़बूती से लड़े. हालांकि, ओम प्रकाश राजभर ने ऐलान किया कि 2024 लोकसभा और स्थानीय निकाय के चुनाव हम सपा के साथ मिलकर लड़ेंगे. बता दें कि हाल में संपन्न राज्य विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और उसके गठबंधन के सहयोगियों को 403 में से कुल 273 सीटें मिली थीं जबकि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगियों को कुल 125 सीटें ही मिल सकी थीं. ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद अब समीक्षा का समय आ गया है. उन्होंने इन चुनावों में भाजपा और बसपा के बीच तालमेल को लेकर भी बयान दिया और कहा कि भाजपा-बसपा इस बार मिलकर चुनाव लड़े और इनके मेल से ही खेल हो गया. उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में 122 सीटें ऐसी हैं, जिन पर बीजेपी कार्यालय में उम्मीदवारों का फैसला किया गया और सिंबल बसपा दफ्तर में दिया गया. मैं इसका सबूत भी दे सकता हूं.
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ओमप्रकाश राजभर ने हैरान करने वाला दावा किया है.
Tuesday, March 15, 2022
0
Tags
