प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 के मंत्रियों को विभाग का बंटवारा कर दिया गया है। इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से जीत कर मंत्रिमंडल में स्थान बनाने वाले नंद गोपाल गुप्त नंदी को औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआइ, निवेश प्रोत्साहन विभाग दिया गया है। नंदी से प्रयागराज के अलावा प्रतापगढ़ और कौशांबी के लोगों को उम्मीद जगी है। उम्मीद यह लगाई जा रही है कि क्षेत्र में उद्योगों के विकास के लिए निश्चित रूप से ठोस कदम उठाए जाएंगे। खासकर प्रयागराज के नैनी क्षेत्र के उद्योगों के लिए जरूर नई योजनाएं आएंगी। इससे रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे।
नंद गोपाल गुप्ता नंदी से क्या है उम्मीद
1- नैनी औद्योगिक क्षेत्र में छोटे उद्योगों का होगा विकास
2- नैनी के बड़े उद्योगों को संजीवनी मिलेगी
3- यमुनापार में उद्योग लगेंगे तो रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
4- प्रतापगढ़ और कौशांबी में लगेंगे उद्योग तो होगा विकास
औद्योगिक क्षेत्र नैनी में छोटे उद्योगों के विकास की आस
पिछले दिनों मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा था कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी है। इससे नैनी औद्योगिक क्षेत्र में छोटे बड़े उद्योगों का विकास होगा। अब नंदी को योगी मंत्रिमंडल में शामिल करने के बाद औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआइ, निवेश प्रोत्साहन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। ऐसे में नैनी में छाेटे उद्योगों को भी संजीवनी की दरकार है। यह भी माना जा रहा है कि क्षेत्र में चलने वाली राइस मिल, पेपर इंडस्ट्री, दालमोट की फैक्ट्रियों के लिए भी विशेष संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
नैनी के बड़े उद्योगों को मिल सकती है संजीवनी
नंदी के मंत्री बनने के बाद खासकर बीपीसीएल, हिंदुस्तान केबल्स, आइटीआइ, काटन मिल, त्रिवेणी स्ट्रक्चरणल, ट्रांसफार्मर बनाने वाली कंपनियों को संजीवनी मिलने की आस जगी है। इन कंपनियों की स्थिति में सुधार की संभावना जताई जा रही है।
लगेंगे उद्योग तो बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
जी हां, अगर उद्योग लगेंगे तो जाहिर है इससे बहुत से बेरोजगार युवकों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे। मंत्री बनने के बाद नंद गोपाल गुप्त नंदी से प्रयागराज के यमुनापार इलाके में भी कुछ उद्योगों को लगवा कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाने की भी उम्मीद की जा रही है। यह उम्मीद यमुनापार व गंगापार के लोगों को है। प्रतापगढ़ और कौशांबी में लगेंगे उद्योग तो होगा विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी से न सिर्फ प्रयागराज बल्कि प्रतापगढ़ और कौशांबी के लोग भी उम्मीदें लगाए हैं। प्रतापगढ़ में भी किसी तरह की कोई बड़ी औद्योगिक इकाई नहीं है। यहां भी उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रयास करने की जरूरत है। इसी तरह कौशांबी में भी कुछ बड़ी इकाइयों को लगवाया जा सकता है। इसके लिए निवेश कराने की जिम्मेदारी मंत्री नंदी पर रहेगी। कुछ बड़े प्रोजेक्ट लटक भी सकते हैं
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को योगी सरकार में ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर एवं सार्वजनिक उद्यम तथा राष्ट्रीय एकीकरण विभाग दिया गया है। इस विभाग के माध्यम से प्रयागराज व आसपास के जिलों को जरूर कुछ नई योजनाओं का लाभ मिल सकता है। वहीं पूर्व में चलने वाले कुछ बड़े प्रोजेक्ट लटक भी सकते हैं। इनमें सुबेदारगंज में बनने वाला आरओबी प्रमुख है। वजह यह है कि इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा से जीत दर्ज करने वाले सिद्धार्थनाथ सिंह को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। उप मुख्यमंत्री केशव के पास भी अब इससे संबंधित विभाग नहीं है। इसी तरह सलोरी में बनने वाले आरओबी पर भी सेना का अडंगा है। कई अन्य प्रोजेक्ट भी अधर में हैं।
