नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नई दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर उत्तर प्रदेश, गोवा और उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं. सूत्रों ने कहा कि इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उपस्थित हैं.दूसरी ओर, योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को दूसरे कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम के रूप में शपथ लेंगे. हालंकि उनके मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होंगे, अभी इसे लेकर कोई खबर सामने नहीं आई है. भाजपा अब कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की सूची में अंतिम क्षणों में बदलाव करने की प्रक्रिया में है.लगातार दूसरी बार CM बनेंगे योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को शाम चार बजे होगा. इससे पहले संभवत: 21 मार्च को कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा. योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे. योगी की अगुवाई में हाल ही में संपन्न चुनावों में भाजपा पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है.इस बीच, गोवा में नई सरकार के गठन को लेकर तटीय राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और पार्टी के उनके सहयोगी नेता विश्वजीत राणे ने शनिवार शाम नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. सावंत और राणे को गोवा के मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. भाजपा सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि राणे हाल-फिलहाल में मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं.
