प्रयागराज: गर्मी के शुरूआती दिनों में ही बिजली कटौती का खेल शुरू हो गया है। शहर के करीब दो दर्जन मोहल्लों में बिजली की कटौती दो दिनों से सबसे ज्यादा हो रही है। यही कारण है पेयजल के लिए भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। करेली, भावापुर, अस्करी मार्केट, जीटीवी नगर्र, मस्तान मार्केट, मक्का मस्जिद, गौसनगर बारह मार्केट समेत कई मोहल्लों में बिजली की किल्लत सबसे ज्यादा हो रही है। यहां बड़ी संख्या में आबादी रहती है। यहां कटियामारी भी होती है।
ट्रांसफार्मर जलने से बढ़ी मुश्किलें
दरअसल, करेली इलाके के रिद्धी सिद्धी चौराहे के पास लगा 630 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया। इसके बाद तो लोगों के घरों की बिजली गुल हो गई और पेयजल की भी समस्या होने लगी। शनिवार देर रात काफी प्रयास के बाद ट्रांसफार्मर सही कराया गया तब बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।
कई मोहल्ले ऐसे जहां होती है खुलेआम कटियामारी
शहर के कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां खुलेआम कटियामारी होती है। कटिया फंसाकर लोग अपने घरों तक बिजली की आपूर्ति करा रहे हैं। विभागीय टीम जब छापेमारी के लिए पहुंचती है तो आनन फानन कटिया हटा लेते हैं। यही कारण है कि बिजली कटौती ज्यादा होती है।
