लखनऊ. यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के अंतिम और सातवें चरण का मतदान सोमवार (7 मार्च) को होना है. इस चरण में नौ जिलों की 54 सीटों के लिए वोटिंग होगी. वहीं, इस चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और बसपा चीफ मायावती (Mayawati) की प्रतिष्ठा दांव पर हैं. जबकि अनुप्रिया पटेल, डॉ. संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर भी कड़ी परीक्षा होगी. यूपी चुनाव के अंतिम चरण में 2 करोड़ 5 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीं, सातवें चरण में 613 प्रत्याशी मैदान में हैं, इनमें 75 महिला कैंडिडेट हैं. चुनाव आयोग ने 12 हजार से अधिक मतदान केंद्र और 23 हजार से अधिक मतदेय स्थल बनाए हैं. इन सभी सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी.
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि 7 मार्च को नौ जिलों की 54 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा. मतदान क्षेत्रों में सुरक्षा की पूरी व्यवस्था है. कोविड संक्रमण को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर, पीपीई किट और मास्क की व्यवस्था की गई है.
इन जिलों में आज डाले जाएंगे वोट
यूपी चुनाव के सातवें चरण में नौ जिलों वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही की 54 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सातवें चरण की इन 54 सीट में से भाजपा और उसके सहयोगियों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को कुल 36 सीट मिली थीं. इस दौरान भाजपा को 29, अपना दल (एस) को चार और सुभासपा को तीन सीटों पर जीत मिली थी. जबकि समाजवादी पार्टी को 11, बहुजन समाज पार्टी को छह और निषाद पार्टी को एक सीट पर जीत मिली थी. इस बार सुभासपा सपा तो निषाद पार्टी भाजपा के साथ है.
जानें कहां-कहां होगी वोटिंग
यूपी में सातवें चरण में अतरौलिया, गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर, आजमगढ़, निजामाबाद, फूलपुर-पवई, दीदारगंज, लालगंज, मेहनगर, मधुबन, घोसी, मुहम्मदाबाद-गोहना, मऊ, बदलापुर, शाहगंज, जौनपुर, मल्हनी, मुंगरा बादशाहपुर, मछलीशहर, मड़ियाहू, जफराबाद, केराकत, जखनियां, सैदपुर, गाजीपुर, जंगीपुर, जहूराबाद, जमानिया, मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा, चकिया, पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, वाराणसी उत्तर, वाराणसी दक्षिण, वाराणसी कैंट, सेवापुरी, भदोही, ज्ञानपुर, औराई, छानबे, मिर्जापुर, मझवां, चुनार, मड़िहान, घोरावल, रॉबर्टसगंज, ओबरा और दुद्धी विधानसभा सीटों पर मतदान होगा.ये 28 विधानसभा सीटें हैं संवेदनशील
चुनाव आयोग ने सातवें चरण की 28 विधानसभा सीटों को संवेदनशील माना है, जिसमें पिंडरा, रोहनिया, सेवापुरी, शाहगंज, मल्हनी, मड़ियाहूं, केराकत, मछली शहर, बदलापुर, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर सदर, जफराबाद, मोहम्मदाबाद, जमनिया ,सैदपुर, जहूराबाद, सैयदराजा, चकिया, आजमगढ़, फूलपुर पवई, दीदारगंज, मऊ सदर, ज्ञानपुर, अजगरा ,शिवपुर, वाराणसी उत्तरी, वाराणसी दक्षिणी और वाराणसी कैंट विधानसभा शामिल हैं.
इन दिग्गजों की साख दांव पर
यूपी चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव में भाजपा के कई मंत्रियों की साख दाव पर होगी. योगी कैबिनेट के मंत्री अनिल राजभर (शिवपुर), रवींद्र जायसवाल (वाराणसी उत्तर), नीलकंठ तिवारी (वाराणसी दक्षिण), गिरीश यादव (जौनपुर सदर), रमाशंकर सिंह पटेल (मड़िहान), संगीता यादव बलवंत (गाजीपुर सदर) और राज्य मंत्री संजीव गोंड (ओबरा सीट) से मैदान में हैं.
