प्रयागराज, कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रोन इन दिनों तेजी से फैल रहा है..., इससे बचने के लिए आवश्यक है कि आपस में दूरी बनाए रखें..., मास्क लगाएं और घर में किसी को सर्दी, खांसी या जुकाम है तो उनकी कोविड जांच जरूर कराएं..., ध्यान रखें कोरोना खतरनाक है इसे रोकने में प्रशासन का सहयोग करें..., यह सूचना प्रयागराज प्रशासन द्वारा जनहित में जारी...। प्रयागराज शहर के अत्यधिक ट्रैफिक वाले प्रमुख चौराहों पर पुलिस पब्लिक एड्रेस सिस्टम से यह संदेश अब भी प्रसारित हो रहा है जबकि कोरोना का असर अब बिल्कुल नहीं है।कोविड-19 के कारण जिला प्रशासन के निर्देश पर लगाए गए पुलिस पब्लिक एड्रेस सिस्टम ने महामारी की रोकथाम में बड़ी भूमिका निभाई थी। अधिक से अधिक लोगों में कोरोना से बचाव की जानकारी देने और सभी को सचेत करने का यह आधुनिक तरीका शहरियों को पसंद भी आया था। लेकिन इसके कंट्रोल रूम में कार्यरत लोगों ने वर्तमान में इस व्यवस्था को मजाक बना दिया है। पहले की रिकार्डिंग ऐसे समय लगा दी जाती है जिसका कोई औचित्य भी नहीं रहता। बुधवार को सिविल लाइंस बस अड्डा चौराहा, स्टैनली रोड के अन्य लालबत्ती चौराहों पर भी मंडलायुक्त की आवाज में ओमिक्रोन से बचाव की जानकारी घंटों प्रसारित होती रही। राह चलते लोगों को यह अटपटा लगा क्योंकि कोरोना की तीसरी लहर अब लगभग खत्म है और इसमें प्रयागराज समेत मंडल के अन्य जिलों में एक भी संक्रमित ओमिक्रोन पाजिटिव नहीं पाया गया था। साफ है कि प्रयागराज प्रशासन की ओऱ से इस मसले पर उदासीनता बरती जा रही है।
प्रयागराज प्रशासन की सूचना प्रसारित करने में देखिए यह लापरवाही
Thursday, March 17, 2022
0
Tags
