
प्रयागराज, प्रदेश में सातवें और अंतिम चरण के मतदान के बाद आए एक्जिट पोल के नतीजों ने प्रत्याशियों की वैसे भी धकड़न बढ़ा दी थी। मंगलवार शाम अखिलेश यादव ने ईवीएम स्ट्रांग रूम से हटाने का आरोप लगाया तो यहां मुंडेरा मंडी मे बैरीकेडिंग कर दी गई, साथ ही समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी स्ट्रांग रूम के आसपास डट गए हैं। अन्य राजनीतिक दलों ने भी ईवीएम की पहरेदारी शुरू कर दी है। रात में विजमा यादव, उज्जवल रमण सिंह, संदीप पटेल, रईसचंद्र शुक्ला समेत कई उम्मीदवार अपने समर्थको के साथ मुंडेरा मंडी पहुंचे और स्ट्रांग रूम के बाहर से ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था देख निगरानी बढ़ा दी।गाड़ियां रोककर चेक करने लगे ईवीएम तो नहीं ले जा रहे
अखिलेश यादव की प्रेस वार्ता और आऱोप के बाद आलम यह हुआ कि प्रयागराज की मुंडेरा मंडी में सपा प्रत्याशियों के साथ तमाम पदाधिकारियों और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। यहां तक कि मंडी में व्यवस्था गत कार्य से आने और बाहर जाने वाली गाड़ियों को भी रोककर सपा के कार्यकर्ता चेक करने लगे। गाड़ी की फोटो खींचने के साथ ही वीडियो भी बनाने लगे।
एक्जिट पोल ने बढ़ा दी सपा उम्मीदवारों की बेचैनी
27 फरवरी को मतदान के बाद सभी दल के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे थे। सभी को 10 मार्च का इंतजार था। मगर एक्जिट पोल ने कई प्रत्याशियों का गुणा-गणित खराब कर दिया है। स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम के साथ कोई छेड़छाड़ न हो, इसके लिए चौकसी बढ़ा दी गई है। अर्द्ध सेना बल के साथ पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। पार्टी के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर केवल मतगणना स्थल पर लगी हुई है। प्रत्याशियों ने लगभग एक महीने जो मेहनत की है। अंतिम क्षण में उसमें कोई दखल न पड़े, इसके लिए प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर डेरा डाल दिया है।
प्रयागराज से प्रतापगढ़ और कौशांबी में रात भर डटेंगे सपा नेता
प्रयागराज में मुंडेरा सब्जी मंडी, प्रतापगढ़ में मोहुली मंडी, कौशांबी में औसा मंडी के आसपास प्रत्याशी और उनके समर्थक 24 घंटे डटे हुए हैं। कहीं पर किसी प्रकार की कोई हलचल हो रही है तो तत्काल सक्रिय हो जा रहे हैं। मतगणना स्थल पर आने-जाने वालों पर इनकी भी पैनी नजर है। अगले 36 घंटे का एक-एक मिनट प्रत्याशियों के लिए एक पहर जैसे रहेगा। हर पल के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती रहेगी। प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी में मतगणना स्थल पर मंगलवार रात चौकसी बढ़ा दी गई। अखिलेश यादव के आहवान के बाद सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतगणना स्थल के पास डट गए हैं।
