इटावा. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के तीसरे चरण के लिए रविवार को मतदान शुरू हो चुका है. वोटिंग से पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (PSPL) के नेता शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने सपा संरक्षक और बड़े भाई मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव वोटिंग से पहले मुलायम का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. इस दौरान शिवपाल के बेटे आदित्य यादव भी मौजूद थे. प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह ने सोशल मीडिया में शेयर करते हुए लिखा,” हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत आदरणीय नेताजी से आशीर्वाद लिया.”बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) की हार-जीत भी इस चरण में तय होगी. वह इटावा की जसवंतनगर सीट से छठी बार चुनाव लड़ रहे हैं. वह लगातार पांच बार इसी सीट से विधायक चुने गए हैं. यह सीट भी यादव बाहुल्य हैं, जहां एक लाख 40 हजार यादव मतदाता हैं. जसवंतनगर विधानसभा से 3 लाख 65 हजार 535 मतदाता वोट करेंगे. जबकि 483 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.सैफई में आज मुलायम परिवार के कई दिग्गज मतदान करेंगे. यहां के अभिनव कॉलेज में मुलायम परिवार वोट डालने पहुंचेंगे. इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, शिवपाल यादव, आदित्य यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, अक्षय यादव, धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप यादव शामिल हैं.
तीसरे चरण के लिए शिवपाल सिंह यादव की अपील
यूपी चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग के लिए शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट करके मतदान की अपील की. उन्होंने लिखा- मेरी आप सभी से अपील है कि तरक्की, खुशहाली व यूपी के सर्वांगीण विकास के लिए आज अपना वोट डालने जरूर जाएं और लोकतंत्र में भागीदार बनें. तर्क, सहिष्णुता, मानवता की उर्वर जमीन पर हमारे लोकतंत्र का पौधा फले-फूले, स्वतंत्रता व समानता के मूल्य इसकी जड़ों को उर्वरता दें, ऐसी मंगलकामना.
