
प्रयागराज, प्रतापगढ़ जिले में कुंडा विधानसभा के सपा प्रत्याशी गुलशन यादव पर पर उनके ही गांव मानिकपुर क्षेत्र करेती में उस समय विवाद हुआ, जब वह रघुराज समर्थक कुंडा के साके सरदार को देखकर भड़क गए। इसी बात को लेकर उनके वाहन पर पथराव किया गया। इससे वाहन के शीशे टूट गए। मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई है। एएसपी रोहित मिश्रा ने वीडियो जारी कर बताया कि मतदान सामान्य है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डाक्टर नितिन बंसल के मुताबिक गुलशन यादव पूरी तरह सुरक्षित अपने घर में हैं। सपा जिलाध्यक्ष के साथ हल्की कहासुनी हुई थी, मौके पर मौजूद हैं। स्थिति शांतिपूर्ण है।
11 बजे तक प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी में मतदान प्रतिशत
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के पांचवे चरण में आज रविवार को प्रयागराज परिक्षेत्र की तीनों जनपदों (प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी) में मतदान हो रहा है। प्रयागराज में 11 बजे तक 18.62 प्रतिशत, प्रतापगढ़ में 20 प्रतिशत और कौशांबी जनपद में 25.05 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। बूथों पर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम हैं।
11 बजे तक प्रयागराज के विधानसभाओं में मतदान प्रतिशत
प्रयागराज के फाफामऊ में 20.25 प्रतिशत, सोरांव में 20.88, फूलपुर में 18.03, प्रतापपुर में 20.23, इलाहाबाद दक्षिणी में 11.05, हंडिया में 21, बारा में 19.18, कोरांव में 19.14, इलाहाबाद उत्तरी में 10.65, मेजा में 20 प्रतिशत, करछना में 22 और इलाहाबाद पश्चिमी में 19.19 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
कौशांबी में 11 बजे तक मतदान प्रतिशत विधानसभावार
मंझनपुर- 25.82 प्रतिशत
सिराथू - 25.5 प्रतिशत
चायल -23.77 प्रतिशत।
कुल फीसद- 25.05 प्रतिशत।
प्रतापगढ़ की सात विधानसभा सीटों का 11 बजे तक मतदान प्रतिशत
सदर : 20.52
विश्वनाथगंज : 17.46
पट्टी : 22.40
रानीगंज : 18.45
रामपुर खास : 19.43
बाबागंज : 24.75
कुंडा : 17.6
कुल मतदान प्रतिशत : 20
प्रयागराज में सुबह नौ बजे तक का मतदान प्रतिशत
प्रयागराज में सुबह सात से नौ बजे तक 7.1 प्रतिशत मतदान हो चुका था। वहीं कौशांबी में 11.40 प्रतिशत मतदान सुबह नौ बजे तक हुआ। मंझनपुर विधानसभा में 11.41 प्रतिशत, सिराथू विधानसभा में 12.5 व चायल विधानसभा में 10.3 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रतापगढ़ में सुबह नौ बजे तक 7.77 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।
मतदान के बाद खेतों में काम करने जा रहे किसान मतदाता
आदर्श मतदान केंद्र अब्दालपुर खास पर मतदाता वोटिंग कर रहे हैं। इस बूथ पर मतदान देने के लिए लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुटी हुई है। लोगों में गजब का उत्साह है। सुबह से एक बार भी कतार नहीं टूटी है। यह पूरी तरीके से ग्रामीण और आलू की बेल्ट है। यहां खेत में काम करने के बाद किसान मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। कुछ लोग मतदान करने के बाद अपने खेत में काम करने के लिए जा रहे हैं।
महिला उद्योग विद्या मंदिर में कुछ देर मतदान रुका रहा
महिला उद्योग विद्या मंदिर में मतदाता पर्ची व वोटर लिस्ट मेंं मिलान न होने को लेकर निर्वाचन कर्मियों से विवाद होने की वजह से कुछ देर मतदान सुबह साढ़े दस से 11 बजे तक रुका रहा। अन्य मतदान कर्मियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद मतदान फिर शुरू हुआ।
इलाहाबाद की सांसद रीता बहुगुणा जोशी, प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता, यूपी के उप मुख्यमंत्री व कौशांबी में सिराथू हाट सीट के भाजपा प्रत्याशी केशव प्रसाद मौर्य, प्रतापगढ़ जनपद में रामपुर खास सीट की कांग्रेस प्रत्याशी आराधना मिश्रा, इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थनाथ सिंह ने वोट डाले। वहीं प्रतापगढ़ में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह ने अपने गांव सर्वजीतपुर के बूथ पर मतदान किया।
मतदान को लेकर मतदाता उत्साहित नजर आ रहे हैं। हालांकि सुबह कई मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था भी रही। कहीं ईवीएम नहीं चल रही थी तो कहीं मतदाताओं ने बैठने आदि की व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया। प्रयागराज में प्रयागराज में 169 प्रत्याशी, प्रतापगढ़ में 90 प्रत्याशी और कौशांबी जनपद में 41 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए तीनों ही जिलों का प्रशासन मुस्तैद है। वहीं सुरक्षा के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
मतदाताओं में उत्साह, मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था
इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र शिव चरण दास कन्हैया लाल इंटर कालेज में ह्वील चेयर पर आईं मतदाता रितु आनंद। उनके कूल्हे का आपरेशन हुआ है फिर भी मतदान करने के लिए केंद्र तक वह पहुंचीं। वहीं दूसरी ओर शहर के कई बूथों पर वोटर लिस्ट से नाम कटने की भी शिकायत है। वहीं ईवीएम न चलने की शिकायत भी कई जगह रही। फोन करके इसकी जानकारी दी जा रही है। कई जगह पर मशीन पूरी तरह से खराब हैं, जिसको बदला गया। मेजा के बूथ संख्या 425, 432, 33, 34, 27, 28 पर मशीन सुबह काम नहीं कर रही थी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के यादगारे हुसैनी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र में अभी कम ही वोटर है इसमें दो से तीन बूथों पर अभी एजेंट नहीं बनने के कारण सुबह सवा सात बजे तक मतदान नहीं शुरू हो सका था। वहीं कोरांव 242 पर वोटिंग सुबह करीब आठ बजे तक शुरू नहीं हो पाई थी।
इलाहाबाद पश्चिमी की प्रत्याशी का आरोप
इलाहाबाद पश्चिमी की प्रत्याशी ऋचा ने आरोप लगाया है कि 261 विधानसभा शहर पश्चिम में मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। पोलिंग एजेंट नहीं बनाए जा रहे हैं, बूथ पर मशीनें खराब हैं, लाइन लगी होने के बावजूद उन्हें बदला नहीं जा रहा है।
प्रयागराज में 12 विधानसभाओं में मतदान
प्रयागराज में 12 विधानसभा क्षेत्र हैं। इन सभी में आज मतदान हो रहा है। प्रयागराज में 46 लाख 27 हजार 545 मतदाता 169 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां यह जानना जरूरी है कि इस बार 11 घंटे मतदान के लिए समय मिलेगा। मतदान के लिए 5080 बूथ बने हैं, जो 2236 केंद्रों पर हैं। प्रत्येक केंद्र पर दो से तीन बूथ हैं। कोरोना गाइडलाइन का भी बूथों पर ध्यान रखा गया है। प्रति बूूथ मतदाताओं की संख्या 1250 या इससे कम है।
प्रयागराज जिले को 47 जोनल और 378 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा 3072 बूथों की आनलाइन निगरानी हो रही।
