प्रयागराज. यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) में पांचवें चरण के लिए रविवार को 12 जिलों की 61 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ. इस दौरान प्रयागराज जिले की 12 विधानसभा सीटों पर भी 53.77 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान सकुशल संपन्न होने के साथ ही जिले की 12 विधानसभा सीटों के लिए 169 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है. मतदान खत्म होने के बाद ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच मुंडेरा मंडी स्थित स्ट्रांग रुम में रखा गया है. वहीं, 10 मार्च को होने वाली मतगणना के बाद चुनाव नतीजे घोषित होंगे.बता दें कि प्रयागराज जिले में सुबह से ही मतदान की रफ्तार बेहद धीमी रही. यही वजह थी कि सुबह 9 बजे तक सिर्फ 7 फीसदी मतदान हुआ था. जबकि 11 बजे तक 18.62 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं, दोपहर एक बजे तक यह आंकड़ा 30.37, तो दोपहर 3 बजे तक 42.29 फीसदी हो गया. जबकि शाम 5 बजे तक 50.89 फीसदी लोगों ने वोट डाले. वहीं, वोटिंग खत्म होने के बाद जिले में मतदान का प्रतिशत 53.77 फीसदी रहा है, जो कि ठीक कहा जा सकता है.प्रयागराज की 12 सीटों पर ऐसा रहा मतदान
प्रयागराज जिले की 12 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में फूलपुर विधानसभा सीट में सबसे ज्यादा मतदान हुआ. जबकि शहर उत्तरी विधानसभा में एक बार फिर सबसे कम लोगों ने मतदान किया है. हालांकि शहर उत्तरी विधानसभा को सबसे पढ़ी लिखी विधानसभा का तमगा हासिल है. अलग-अलग विधानसभाओं की अगर बात करें तो फूलपुर विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 60.40 फीसदी मतदान हुआ. इसके अलावा बारा सुरक्षित विधानसभा में 58.50 और कोरांव सुरक्षित विधानसभा में 58.28 फीसदी वोट पड़े हैं. वहीं, सोरांव विधानसभा में 57.56 और करछना विधानसभा में 57 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है.
