यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक महिला ने अपने पति पर दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने और फोन पर तीन तलाक बोलने का आरोप लगाया है. पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व तीन तलाक समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
जिले की आनंद कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2011 में उसका निकाह कॉलोनी निवासी वसीम के साथ हुआ था. निकाह के बाद उनके चार बच्चे हुए. महिला का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उसका आरोपित पति व ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज में कीमती सामान लाए जाने की मांग को लेकर उसे उत्पीड़ित करने लगे. इस संबंध में उसके मायके वालों ने कई बार आरोपितों को समझाया भी. मगर आरोपित समझने की बजाए उसे आए दिन उत्पीड़न करने लगे.
करीब बीस दिन पहले उसके आरोपित पति ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया. जिसके बाद वह कॉलोनी में ही किराए पर मकान लेकर रहने लगी. आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने उसे फोन पर तीन तलाक बोल दिया और सभी संबंध तोड़ने की बात कही. वहीं चार दिन पहले उसकी बेटी उसके पास रोते हुए आई और कहा कि पापा वसीम ने उसे पीटा है. बेटी की खराब हालत थी. जिस पर उसे अस्पताल में दाखिल कराया. वहां से रानी ने पति वसीम को फोन किया, तो उसे फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया और उससे कोई भी संबंध होने से इंकार कर दिया.
परेशान होकर उसने आरोपित के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी, पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके आरोपित पति वसीम समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, तीन तलाक समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है. आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
