Type Here to Get Search Results !

Advertisement

Acrc institute Acrc instituteAcrc institute

नौकरी के साथ खेती का कमाल, पीलूई गांव में 12 कट्ठा जमीन पर उगा रहे ड्रैगन फ्रूट


बीटेक के बाद आईटी सेक्टर में वर्क फ्रॉम होम के साथ आधुनिक खेती को बनाया जुनून, करीब पांच लाख रुपये की लागत से तैयार किया बाग

प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ) 

बलिया (यूपी)। खेती-किसानी में कुछ नया करने का जुनून हो तो गांव की मिट्टी में भी संभावनाओं की नई फसल उगाई जा सकती है। इसकी मिसाल मनियर ब्लॉक के पीलूई गांव निवासी युवा किसान मनीष कुमार वर्मा ने पेश की है। उन्होंने पारंपरिक खेती से हटकर ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू कर क्षेत्र में कृषि नवाचार की एक नई पहचान बनाई है।

मनीष कुमार वर्मा ने करीब 12 कट्ठा जमीन पर लगभग पांच लाख रुपये की शुरुआती लागत से ड्रैगन फ्रूट का बाग तैयार किया है। खास बात यह है कि उन्होंने कंप्यूटर साइंस से बीटेक की पढ़ाई की है और आईटी सेक्टर में वर्क फ्रॉम होम के जरिए नौकरी करने के साथ-साथ खेती को भी समय दे रहे हैं। इस तरह वे आधुनिक तकनीक और कृषि को एक साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

बताया जाता है कि ड्रैगन फ्रूट की खेती के प्रति रुचि विकसित होने के बाद मनीष ने इसकी तकनीक और बारीकियां जानने के लिए हरियाणा और बाराबंकी के सफल किसानों से जानकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद अपने गांव में इस खेती को धरातल पर उतारा।

ड्रैगन फ्रूट सामान्य पारंपरिक फसलों से अलग एक खास फल है। इसकी खेती में पौधों को सहारा देने के लिए सीमेंट के खंभों का इस्तेमाल किया जाता है। उचित देखभाल और तकनीकी जानकारी के साथ इसकी खेती किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बन सकती है।

मनीष का यह प्रयास बताता है कि खेती अब केवल पारंपरिक तरीके तक सीमित नहीं है। शिक्षित युवा भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर गांव में रहकर रोजगार और स्वरोजगार की नई संभावनाएं तलाश सकते हैं।

पीलूई गांव में शुरू किया गया यह प्रयोग क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। जरूरत है कि ऐसे नवाचारों को प्रोत्साहन मिले और किसानों को आधुनिक खेती के लिए तकनीकी मार्गदर्शन तथा बाजार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad