एनीबेसेंट गर्ल्स इण्टर कालेज में सुपरवाइजर एवं बीएलओ के अनुपस्थित पाये जाने पर उनसे स्पष्टीकरण लेने के दिए निर्देश
कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये-जिला निर्वाचन अधिकारी
प्रयागराज 18 नवम्बर।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा बुधवार को निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत एनीबेसेंट गर्ल्स इण्टर कालेज-बघाड़ा एवं ईश्वर शरण बालिका इण्टर कालेज पहुंचकर वहां पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए वहां पर तैनात बीएलओ तथा सुपरवाईजर से पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। निरीक्षण में एनीबेसेंट गर्ल्स इण्टर कालेज- बघाड़ा में सुपरवाइजर दिवाकर एवं बीएलओ प्रियंका के अनुपस्थित पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सम्बंधित ईआरओ से निर्वाचन जैसे महतवपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर क्यों न उनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया जाये, के सम्बंध में उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथों पर उपस्थित बीएलओ को मतदाता सूची का अनिवार्य रूप से वाचन करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाये।
उन्होंने कहा कि किसी परिवार के सदस्यों का नाम यदि कई बूथ पर है, तो फार्म-7 भरवाते हुए परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर कराये जाने के सम्बंध में कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि नए मतदाता या छूटे हुए मतदाता का फार्म-6 भराकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करें। उन्होंने जेंडर रेशियों के तहत महिला मतदाताओं का नाम यदि मतदाता सूची में नहीं है, तो उनसे फार्म-6 भराते हुए मतदाता सूची में उनका नाम शामिल करें। जिलाधिकारी ने सम्बंधित ईआरओ को सभी बीएलओ का आईकार्ड भी बनवाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जहां पर मतदाता का नाम, पिता का नाम या कोई अन्य संशोधन हो, तो सम्बंधित से फार्म-8 भरवाते हुए संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाईजर तथा पुनरीक्षण कार्य में लगे हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मन लगाकर अच्छे से कार्य करने के लिए कहा। कहा कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाये। जिलाधिकारी ने बूथ पर स्वयं अपनी उपस्थिति में मतदाता सूची का वाचन भी कराया। इस अवसर पर सम्बंधित ईआरओ तथा बीएलओ व सुपरवाईजर उपस्थित रहे।
