प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
विश्वजीत जायसवाल (तहसील संवाददाता)
रसड़ा (बलिया)। नगर के प्रमुख चौराहों में शामिल मुंसफी तिराहा इन दिनों जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। यहां आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुंसफी तिराहे की सामने आई तस्वीरें यातायात व्यवस्था की बदहाली को बयां कर रही हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जाम के बीच एक एंबुलेंस भी फंसी हुई दिखाई दे रही है। एंबुलेंस के सामने दोपहिया और अन्य वाहन खड़े हैं, जिससे उसके आगे बढ़ने का रास्ता बाधित नजर आ रहा है।
इस तरह के जाम आये दिन होते रहते है।
स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा को भी रास्ता नहीं मिल पा रहा है, तो आम राहगीरों की परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि मुंसफी तिराहे पर जाम की समस्या कोई नई नहीं है। आए दिन यहां यातायात बाधित रहता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। लोगों का कहना है कि व्यस्त समय में यातायात पुलिस और प्रशासन की नियमित निगरानी एवं व्यवस्था की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि मुंसफी तिराहे पर नियमित यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, अतिक्रमण पर ध्यान दिया जाए तथा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुनिश्चित किया जाए।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कोई ठोस कदम उठाएगा या रसड़ा का मुंसफी तिराहा इसी तरह जाम की समस्या से जूझता रहेगा?

