प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)।थाना पकड़ी
में तैनात कर्मठ मुख्य आरक्षी मनोज कुमार को उत्कृष्ट सेवा के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से पकड़ी थाने के पुलिसकर्मियों सहित उनके शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को पुलिस विभाग के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान माना जा रहा है।
मूल रूप से वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपापुर गांव के निवासी मनोज कुमार इससे पूर्व बलिया जनपद के नरही थाने में तैनात थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, बलिया की संस्तुति पर वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए मनोज कुमार के नाम का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके उपरांत उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इस संबंध में प्रतिसार निरीक्षक, बलिया द्वारा पत्र जारी कर संबंधित थाना एवं कार्यालय को सूचना दी गई है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए *मनोज कुमार* ने पदक को राष्ट्र और देशवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। पुलिस सेवा में जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जरूरतमंदों की सहायता करना मेरा सर्वोच्च कर्तव्य है। इस सम्मान से मुझे आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।”
मनोज कुमार की इस उपलब्धि पर पकड़ी थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा, उप निरीक्षक नंद लाल प्रसाद, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, राहुल यादव, समाजसेवी पोला सिंह, भोजपुरी सरधा मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शैलेश कुमार सिंह, मनोज श्रीवास्तव, बृजेश सिंह एवं घूरा शर्मा सहित दर्जनों क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा से पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

