प्रयागराज। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को नगर आयुक्त श्री सीलम सांई तेजा के साथ अतरसुईया क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा गोल पार्क से अतरसुईया चौराहा, पजावा रामलीला मार्ग, मीरापुर और शौकत अली रोड तक कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। इस योजना के तहत क्षेत्र में बिजली के तारों की अंडरग्राउंड यूटिलिटी शिफ्टिंग, जल निकासी (ड्रेनेज) और नई वाटर सप्लाई लाइन बिछाने का काम चल रहा है। कार्यदायी संस्था ने बताया कि पूरे कार्य को तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रामदल मार्ग को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश
स्थानीय पार्षद और कमेटी के सदस्यों ने आगामी दशहरे पर निकलने वाले ऐतिहासिक पजावा रामदल के मार्ग को प्राथमिकता पर दुरुस्त करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि रामदल से पहले सड़क, फुटपाथ और अन्य जरूरी काम अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं व जुलूस को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा उन्होंने कल्याणी देवी मंदिर के पास स्थित पार्क की साफ-सफाई, लाइट व्यवस्था और चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सिविल लाइंस में हटेगा अतिक्रमण, दुकानदारों को डस्टबिन रखना अनिवार्य
अतरसुईया से पूर्व जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने सिविल लाइंस स्थित सरदार पटेल मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए दुकानदारों को डस्टबिन का प्रयोग करने की ताकीद की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर श्री मंगलेश कुमार दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट श्री विनय कुमार सिंह सहित नगर निगम व कार्यदायी संस्था के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।


