कोल्हुई बाजार-लोटन मार्ग पर 400 मीटर आरसीसी नाला निर्माण की कवायद तेज़, डीएम ने PWD को दिए निर्देश
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कोल्हुई बाजार-लोटन मार्ग पर 400 मीटर आरसीसी नाला निर्माण की कवायद तेज़, डीएम ने PWD को दिए निर्देश

 


व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल की पहल पर हरकत में आया प्रशासन।

विशेष सचिव (PWD) को पत्र भेजने के बाद जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को दिए आवश्यक कार्रवाई के आदेश।

जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए तैयार होगा तकनीकी आगणन।


महराजगंज। राज्य मार्ग-129 (SH-129) स्थित कोल्हुई बाजार-लोटन मार्ग के आबादी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्र में शेष लगभग 400 मीटर आरसीसी नाले के निर्माण की मांग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, जनपद महराजगंज के जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल की पहल पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल ने 14 सितंबर को लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव प्रभुनाथ को पत्र भेजकर इस 400 मीटर नाला निर्माण को विभागीय कार्ययोजना में शामिल करने, तकनीकी आगणन तैयार कराने तथा आवश्यक बजट स्वीकृति की मांग की थी। जिलाधिकारी महराजगंज को दी गई पत्र की प्रतिलिपि पर तुरंत संज्ञान लेते हुए 14 सितंबर को ही PWD को निर्देश जारी किए गए। 15 सितंबर को पत्र मिलते ही अधिशासी अभियंता ने मामले की स्थलीय जांच व आवश्यक कार्रवाई के लिए सहायक अभियंता नवनीत सिंह एवं अवर अभियंता संदीप भारती को ज़िम्मेदारी सौंप दी है।


अधूरे नाले के कारण जलभराव से परेशानी

वर्तमान स्थिति के अनुसार, जिला पंचायत द्वारा पूर्व में लगभग 400 मीटर नाले का निर्माण कराया गया था, जिसमें से 308 मीटर हिस्से को कवर किया जा चुका है। हालांकि, जहां जिला पंचायत का नाला समाप्त होता है, वहां से स्वर्गीय सूर्यनाथ जायसवाल के मकान तक लगभग 400 मीटर आरसीसी नाला निर्माण होना अभी बाकी है। हर बरसात में नाला अधूरा होने के कारण क्षेत्र में भारी जलभराव हो जाता है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आम जनता को आवागमन में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।

समयबद्ध निर्माण की मांग

प्रिंस जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि शेष 400 मीटर हिस्से का त्वरित तकनीकी सर्वेक्षण और आगणन कराकर इसे उचित जलनिकासी (आउटफॉल) से जोड़ा जाए और निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस मामले में पूर्व में हुई 'उद्योग बंधु' बैठक के अभिलेखों के साथ-साथ पत्र की प्रतिलिपि लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, प्रमुख अभियंता (विकास) और विभागाध्यक्ष समेत उच्च अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies