मेजा, प्रयागराज। राजकीय समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय, गेदुराही (मेजा) में 18 सितम्बर 2026 को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेजा की 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम' (RBSK) टीम के चिकित्सकों ने विद्यालय के 79 दिव्यांग एवं सामान्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
मौसमी बीमारियों व खानपान को लेकर दी गई सलाह
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉक्टरों की टीम ने छात्रों में वायरल बुखार, मौसमी जनित वायरस और डायरिया जैसी समस्याओं की जांच की। इसके साथ ही चिकित्सकों ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, सावधानियां बरतने तथा हमेशा ताजा और पौष्टिक खाना खाने की सलाह दी।
इन प्रमुख छात्रों का हुआ परीक्षण, एक छात्रा प्रयागराज संदर्भित
शिविर में मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित दिव्यांग छात्रों—अंजनी दुबे, दिव्यांश, श्रेयांश, शनि कुमार, रेशमा बानो, ऋषिराज, आकांक्षा, उपासना, सुमित, सत्यम, सौम्या, समर, विमलेश, प्रतिभा, रिया, किशन पाण्डेय, अमित, राज और बंटी सहित कई विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। आवश्यकतानुसार छात्रों को निःशुल्क मलहम, आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां प्रदान की गईं।
वही, कक्षा-10 की छात्रा रबीना कुमारी को कान में समस्या होने के कारण बेहतर इलाज के लिए SRN अस्पताल, प्रयागराज हेतु संदर्भित (Refer) किया गया।
डॉक्टरों व विद्यालय स्टाफ का रहा सराहनीय योगदान
स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य CHC मेजा के चिकित्सक डॉ. देवेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. आयशा फातिमा, डॉ. दिनेश पासवान, स्टाफ नर्स कविता प्रजापति और दीपशिखा शुक्ला की टीम द्वारा संपन्न किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार, शिक्षिका अनिता सरन और ऋषभ मिश्रा सहित पूरा विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा और मेडिकल टीम को पूर्ण सहयोग प्रदान किया।


