प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को संगम सभागार में 'मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना' (CM-VNY) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर परियोजना निर्माण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की विभिन्न नगर पंचायतों द्वारा तैयार की गई कार्य योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान नगर पंचायत लालगोपालगंज, फूलपुर, कोरांव, भारतगंज और सिरसा द्वारा प्रस्तुत किए गए विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य योजनाओं एवं प्रस्तावों को शासन द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के पूर्णतः अनुरूप ही प्रेषित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अन्य जरूरी विकास कार्यों के प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि नगरीय सेवाओं और अवस्थापना ढांचे को सुदृढ़ किया जा सके।
इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर), मुख्य कोषाधिकारी, निर्माण खण्ड-1 के अधिशासी अभियन्ता सहित संबंधित नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहे।


