प्रयागराज। सांसद फूलपुर श्री प्रवीण पटेल की अध्यक्षता में संगम सभागार में लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और लोक कलाकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC) में कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्थाओं को अग्निशमन, पुलिस, यातायात और मनोरंजन विभाग से अलग-अलग एनओसी (NOC) लेने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा छाया रहा। कलाकारों ने इस प्रक्रिया को सरल बनाने और पारिश्रमिक में बढ़ोतरी की मांग रखी।
सांसद और जिलाधिकारी के प्रमुख निर्देश:
अनुमति में छूट: सांसद प्रवीण पटेल और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि स्थानीय कलाकारों के नियमित रिहर्सल या छोटे आयोजनों के लिए अलग से अनुमति की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। केवल बड़े और टिकट वाले कार्यक्रमों के लिए 'निवेश मित्र पोर्टल' के जरिए एकल खिड़की व्यवस्था से अनुमति दी जाएगी।
ग्राम पंचायतों में लोक कला केंद्र: डीपीआरओ (DPRO) को निर्देश दिया गया कि शुरुआती चरण में कुछ चयनित ग्राम सभाओं में 'लोक कला भवन एवं मंच' विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करें।
संस्कृति विभाग को जमीन आवंटन के निर्देश: लोककलाविद् अतुल यदुवंशी द्वारा रखे गए प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संस्कृति विभाग को शहर में स्थायी रिहर्सल स्थल और 3 नए आधुनिक प्रेक्षागृहों के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम सिटी सत्यम मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, क्षेत्रीय अभिलेखागार अधिकारी राकेश वर्मा और शहर के कई प्रमुख लोक कलाकार उपस्थित रहे।

