वाराणसी/बलिया:
महिला भूमिहार समाज का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह वाराणसी स्थित होटल मेरिडियन में अत्यंत गरिमामय, उत्साहपूर्ण एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और महिला सशक्तीकरण की अद्भुत झलक देखने को मिली।
वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का आगाज बटुकों द्वारा शंखनाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि संजय राय एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की औपचारिक शुरुआत की। संस्था की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।
वेबसाइट का हुआ औपचारिक शुभारंभ
समारोह का मुख्य आकर्षण 'महिला भूमिहार समाज' की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ रहा, जिसके जरिए संस्था की गतिविधियों और सामाजिक अभियानों को डिजिटल मंच मिलेगा।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं सम्मानित (MBS सम्मान)
कार्यक्रम में सामाजिक सेवा, चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों एवं पत्रकारों को दुपट्टा और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
भविष्य के संकल्प और सामाजिक दायित्व
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक एकजुटता नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में 'संघे शक्ति बलियसी' की भावना के साथ जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, निर्बल परिवारों की सहायता और महिला सशक्तीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
समारोह में डॉ. डी.एन. शर्मा, जगदीश राय, बीएचयू स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता राय, डॉ. आकांक्षा राय, अनंजय राय, आर.एन. सिंह, कवि चंदन राय सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. विजेता राय, डॉ. मंजुला चौधरी एवं किरण सिंह ने किया। अंत में अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने सभी सहयोगियों, अतिथियों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त किया।



