लखनऊ 06 अगस्त 2026:
उत्तर प्रदेश को तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में आईआईटी मंडी तथा आईआईटी इंदौर द्वारा अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण (प्रजेंटेशन) दिए गए।
उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकसबैठक के दौरान दोनों प्रमुख तकनीकी संस्थानों ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) तकनीक, स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्किल डेवलपमेंट, शिक्षकों के क्षमता विकास और युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष बनाने से जुड़े कई नवाचारों का खाका पेश किया। इसके साथ ही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (A.K.T.U.) में अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित विशेष हब स्थापित करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा गया।
रोजगारपरक और भविष्य उन्मुख शिक्षा पर जोरप्रस्तुतियों का अवलोकन करने के बाद प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा, "इलेक्ट्रिक व्हीकल, स्पेस टेक्नोलॉजी और एआई जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को दक्ष बनाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसे नवाचार आधारित प्रयास प्रदेश की तकनीकी शिक्षा को एक नई दिशा प्रदान करेंगे।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन नवाचारों को संस्थागत स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए और उद्योगों तथा शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और भविष्य उन्मुख शिक्षा मिल सके।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगीइस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एम. के. एस. सुन्दरम, सचिव एवं महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा सेल्वा कुमारी जे. सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

