गोंडा में झोलाछाप डॉक्टरों पर कसेगा शिकंजा: स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, सांप-कुत्ता काटने की भी होगी सुनवाई
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

गोंडा में झोलाछाप डॉक्टरों पर कसेगा शिकंजा: स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, सांप-कुत्ता काटने की भी होगी सुनवाई

 


गोंडा (ब्यूरो रिपोर्ट: शिव शरण):

 जिले में बिना योग्यता और पंजीकरण के अवैध रूप से इलाज करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि लोगों को अब शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए मुख्य रूप से एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा आम नागरिक 'जनसुनवाई' पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।


कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर सीधे अवैध डॉक्टरों की सूचना दी जा सकती है:


लैंडलाइन: 05262-227855

मोबाइल: 7398999705


त्वरित जांच और अन्य सुविधाएं

हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करेगी। इस कंट्रोल रूम के जरिए न केवल फर्जी डॉक्टरों की शिकायत ली जाएगी, बल्कि सांप या कुत्ता काटने जैसी आपातकालीन घटनाओं से जुड़ी समस्याएं और शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी।


स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक रहें और कहीं भी अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक या झोलाछाप डॉक्टरों की जानकारी मिलने पर तुरंत दिए गए नंबरों पर सूचना दें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies