प्रयागराज। शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और जन-सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने शुक्रवार को नगर आयुक्त साईं तेजा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। मीडिया से मिले फीडबैक के आधार पर किए गए इस निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए और लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई के आदेश दिए।
जलभराव और गंदगी पर तत्काल एक्शन, डेंगू-मलेरिया से बचाव पर जोर
निरीक्षण की शुरुआत जॉर्जटाउन स्थित एएन झा मार्ग से हुई। वहां सब्जी मंडी के पास जलभराव और सिल्ट के कारण फैली गंदगी का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले सभी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
लिडिल रोड पर धीमी प्रगति पर नाराजगी, एजेंसी पर लगेगी पेनाल्टी
लिडिल रोड पर नगर निगम द्वारा कराए जा रहे फुटपाथ निर्माण, भूमिगत केबलिंग और जलभराव निवारण कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए और भुगतान में कटौती की जाए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में बनने वाले फुटपाथों को बड़े शहरों के मानकों के अनुरूप 'पीपल-फ्रेंडली' और सुरक्षित बनाया जाए। फुटपाथों पर उचित ढाल (स्लोप) के साथ दिव्यांगजनों और दृष्टिबाधितों के लिए सुगम आवाजाही की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, खासकर पर्यटन स्थलों के पास गुणवत्ता और फिनिशिंग का विशेष ध्यान रखा जाए।
नाले का होगा चौड़ीकरण, गठित होगी बहु-विभागीय समिति
जॉर्जटाउन थाना से संगम पेट्रोल पंप तक जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंडलायुक्त ने नाले के चौड़ीकरण और गहरीकरण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA), सिंचाई विभाग और जल निगम के अधिशासी अभियंता शामिल होंगे।
एक सप्ताह में हटाना होगा सी एंड डी वेस्ट
सड़कों पर फैले कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट पर सख्त रुख अपनाते हुए मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को एक सप्ताह के भीतर सभी स्थानों से मलबे को हटाने के निर्देश दिए। निर्धारित समय सीमा में काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पेंट माय सिटी' की पेंटिंग्स का होगा पुनरुद्धार
शहर के सौंदर्यकरण को बनाए रखने के लिए विभिन्न आरओबी (ROB) और सार्वजनिक स्थानों पर 'पेंट माय सिटी' अभियान के तहत क्षतिग्रस्त हुई पेंटिंग्स को आकर्षक और नए डिजाइनों के साथ पुनरुद्धारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, बस स्टॉप के आसपास उड़ने वाली धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित सफाई और धूल-नियंत्रण के उपाय करने को कहा गया।


