प्रदीप बच्चन (व्युरो चीफ)
बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्ष`त्र अंतर्गत दक्षिण पटखौली गांव की नाबालिग किशोरी की मौत के मामले में रविवार को पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे पैतृक गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। विदेश में रह रहे मृतका के पिता ने वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारियों से बातचीत कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
इस बीच मनियर पुलिस ने वीडियो वायरल करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
वहीं, परिजनों ने दो आरोपियों के अलावा मनियर थाने के एक उपनिरीक्षक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान किशोरी मानसिक रूप से अधिक तनाव में चली गई थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विवेचना बांसडीह कोतवाल राकेश कुमार सिंह को सौंप दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
