(रिपोर्ट: प्रदीप बच्चन, ब्यूरो चीफ)
मनियर क्षेत्र के पिलूई गांव की घटना; जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
बलिया (उत्तर प्रदेश)।
मनियर थाना क्षेत्र के पिलूई गांव में शनिवार देर रात एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां घर में जमीन पर सो रही एक 13 वर्षीय किशोरी की विषैले जंतु के काटने से दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पिलूई निवासी मुन्ना बसफोर की 13 वर्षीय पुत्री कुमारी नीतू शनिवार रात करीब 12 बजे घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान किसी विषैले जीव ने उसे काट लिया। किशोरी ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों की ओर से बिना देर किए उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
