प्रदीप बच्चन (व्युरो चीफ)
बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्षेत्र के घोघा चट्टी स्थित स्वर्गीय शमशेर सिंह की आरा मशीन परिसर में तीन दिन पूर्व खोली गई देशी शराब की दुकान को शनिवार को ग्रामीण महिलाओं के उग्र विरोध के बाद प्रशासन ने अस्थायी रूप से बंद करा दिया। देवरार गांव की सैकड़ों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर दुकान पर पहुंचीं और शराब की दुकान हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगीं। महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए सेल्समैन ने दुकान को भीतर से बंद कर लिया।
सूचना मिलते ही मनियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी तथा आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद एसडीएम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि जब तक मामले का समाधान नहीं हो जाता तब तक दुकान अस्थायी रूप से बंद रहेगी। आश्वासन मिलने के बाद करीब पौने दो बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बताया जा रहा है कि उक्त दुकान की अनुज्ञापिनी नीतू चौबे पत्नी अजीत उर्फ सनातन चौबे, निवासी कोतवाली बलिया हैं। इससे पहले यह दुकान डुहियां और बाद में मंगलपुरा में संचालित करने का प्रयास किया गया था, लेकिन दोनों स्थानों पर महिलाओं के विरोध के चलते दुकान हटानी पड़ी। तीन दिन पहले ही इसे घोघा चट्टी स्थानांतरित किया गया था, जहां भी स्थानीय महिलाओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से वार्ता की जा रही है तथा अंतिम निर्णय के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
