राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय:योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं - मनीष भारती
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय:योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं - मनीष भारती

 

योग जीवन जीने की एक समग्र पद्धति- प्रोफेसर सत्यकाम 

मुक्त विश्वविद्यालय और आर ए एफ ने साथ मिलकर किया योग 


प्रयागराज, 21जून।

उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं रैपिड एक्शन फोर्स, 101 द्रुत कार्य बल के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन आर ए एफ कैंपस, प्रयागराज में बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग संकल्प के साथ हुई। योग प्रोटोकॉल के अनुसार मुक्त विश्वविद्यालय के योग शिक्षकों अमित सिंह एवं अनुराग शुक्ला ने एक घंटे तक आसन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और ध्यान का सत्र संचालित किया। 

इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। यह शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और बुद्धि को स्पष्ट करता है। मुक्त विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों के लिए योग तनाव प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने का सबसे प्रभावी साधन है।

रैपिड एक्शन फोर्स, 101 द्रुत कार्य बल के कमांडेंट मनीष कुमार भारती ने कहा कि आर ए एफ जैसे बलों के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक संतुलन भी आवश्यक है। योग हमें उच्च दबाव की परिस्थितियों में भी शांत और केंद्रित रहने की शक्ति देता है। इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। दोनों अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे प्रतिदिन के जीवन में अपनाएँ।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय और रैपिड एक्शन फोर्स के संयुक्त आयोजन से समाज में सामुदायिक सहभागिता का संदेश प्रसारित किया गया। स्वस्थ भारत के निर्माण में शिक्षण संस्थान और सुरक्षा बल दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए योग के माध्यम से जीवनशैली जनित रोगों, तनाव और अनिद्रा से बचाव पर जोर दिया गया। कैंपस में अनुशासित माहौल में सैकड़ों प्रतिभागियों ने एक साथ योग कर 'एक भारत, स्वस्थ भारत' का संदेश दिया।  

कार्यक्रम का समापन हास्य योग और सभी के स्वस्थ, सुखी जीवन की कामना के साथ हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने आर ए एफ 101 बटालियन को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी ऐसे संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, विभिन्न विद्या शाखों के निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी, आर ए एफ के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में जवानों ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास किया। इस अवसर पर आर ए एफ के कमांडेंट मनीष कुमार भारती ने योग प्रशिक्षक अमित सिंह एवं अनुराग शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 


डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र 

जनसंपर्क अधिकारी

उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय  

प्रयागराज

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies