योगी सरकार में पिछले वर्षों में बुनियादी शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुये है -मंत्री संदीप सिंह
लखनऊ, 22 जून 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब शिक्षा सुधारों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय से संबद्ध प्रतिष्ठित ‘अवार्ड फॉर इनोवेशन एंड गुड प्रैक्टिसेज इन एजुकेशनल एडमिनिस्ट्रेशन’ के लिए प्रदेश में चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पिछले वर्षों में बुनियादी शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आए हैं। निपुण भारत मिशन, बाल वाटिका, विद्यालय कायाकल्प, स्मार्ट कक्षाएं, डिजिटल शिक्षण संसाधन, मिशन प्रेरणा और शिक्षक प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों ने विद्यालयी शिक्षा को नई दिशा दी है। इन पहलों को धरातल तक पहुंचाने में जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की भूमिका सबसे अहम रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे बीएसए और बीईओ ने नवाचार आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, विद्यालय प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता में सकारात्मक बदलाव किए हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए ऐसे अधिकारियों का चयन उनकी मेहनत को सम्मान देने के साथ शिक्षा प्रशासन में प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रदर्शन की संस्कृति को भी बढ़ावा देगा।
अपर राज्य परियोजना निदेशक प्रेम रंजन सिंह द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उत्तर प्रदेश से 4 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) तथा 6 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का चयन कर उनके नाम राष्ट्रीय स्तर पर भेजे जाएंगे। सभी जनपदों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिक्षा प्रशासन में नवाचार, सुशासन, अधिगम सुधार, प्रभावी प्रबंधन और जनभागीदारी आधारित उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराएं।
चयन के दौरान नवाचार, बेहतर प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता, अधिगम स्तर में सुधार, विद्यालयी व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चयनित अधिकारी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे और अपने कार्यों के माध्यम से प्रदेश में लागू शिक्षा सुधारों की प्रभावशीलता को प्रदर्शित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘अवार्ड फॉर इनोवेशन एंड गुड प्रैक्टिसेज इन एजुकेशनल एडमिनिस्ट्रेशन’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य शिक्षा प्रशासन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करना तथा देशभर में सफल प्रशासनिक नवाचारों को पहचान दिलाना है।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जनपद ऐसे अधिकारियों के नाम प्रस्तावित करें जिन्होंने शिक्षा प्रशासन में नवाचार आधारित कार्यप्रणाली से उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए हों। विशेष रूप से वे अधिकारी प्राथमिकता में रहेंगे जिनके प्रयासों से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, विद्यालय प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता या शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक परिवर्तन दिखा हो।
