जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक
जिलाधिकारी ने रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
प्रयागराज। 24 मई 2026: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में रविवार को एनआईसी सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त हुई विद्युत आपूर्ति की समस्यायों और शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली जिसपर श्री लोकेश कुमार- अधीक्षण अभियंता विद्युत यमुनापार के द्वारा बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है। रात्रि में बिजली की मांग बढ़ जाने के कारण रोस्टिंग की जा रही है और रात्रि की कटौती को दिन में कोम्पन्सेट कर ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे विद्युत सप्लाई दी जा रही है । ओवरलोडिंग से बचाव हेतु अवैध कटिया कनेक्शन हटाने के लिए पीक ऑवर में विभागीय टीम और विजिलेंस टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग और काम्बिंग की जा रही हैं। बताया कि सभी उपकेंद्रों पर मानक के अनुसार कर्मचारी तैनात किए गए हैं और शहरी क्षेत्रों के लिए 2 मैंटीनेंस वाहन और कर्मचारी तैनात किए हैं जो कि सभी विद्युत फॉल्टो को दूर कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करते हैं । उन्होंने बताया कि पीक ऑवर्स में सिस्टम पर अत्यधिक लोड आने के कारण उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या आ रही है । उन्होंने बताया कि आंधी और तूफान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अत्यधिक संख्या में ट्रांसफार्मर बदले गए थे और तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रतिदिन 120-125 ट्रांसफार्मर प्रतिदिन खराब हो रहे हैं जिसमें 10 केवीए से 100केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर हैं जिससे ट्रांसफार्मर को निर्धारित समय पर बदला नहीं जा सका था । अब जनपद में मरम्मत के बाद 350 ट्रांसफार्मर स्टॉक में रखे हुए हैं और उन्हें बदलने के लिए 21 वाहन उपलब्ध हैं तथा ट्रांस फ़ार्मरो को 48 घंटे में बदला जा रहा है । जलनिगम, हॉस्पिटल,एवं पेयजल आपूर्ति से संबंधित ट्रांसफार्मर को प्राथमिकता पर बदला जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति किया जाना सुनिश्चित किए जाने और शिकायतो के त्वरित निराकरण हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए है । उन्होंने कहा की तापमान में वृद्धि होने के कारण बिजली की माँग में वृद्धि हुई है इसलिये विद्युत विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड में रहे और क्षेत्र में सक्रिय भी रहे। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के सभी एसडीओ,जेई और अन्य कर्मचारी अपने -अपने क्षेत्रों में एक्टिव रहें तथा क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहते हुए लोगों से संवाद बनाये रखें तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित आने वाली शिकायतो पर त्वरित करवाई करें और विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें तथा इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता नहीं बरती जाए । उन्होंने कहा की यदि उपभोक्ताओ के द्वारा विद्युत फाल्ट से संबंधित शिकायत की गई हो तो विद्युत विभाग के अधिकारी वहाँ मौके पर पहुँचे और फाल्ट को जल्द से जल्द ठीक कराने का कार्य करें । उन्होंने कहा कि यदि बिजली आपूर्ति बहाल करने में कोई तकनीकी समस्या आती है तो उससे संबंधित लोगों को अवगत भी कराया जाए । उन्होंने विगत दिनों आयी तेज आंधी और तूफान से जनपद में क्षतिग्रस्त हुई विद्युत लाइनों के रिस्टोर करने की कार्यवाही अभी तक जिन स्थानों में नहीं पूर्ण हो पाई है वहाँ पर विद्युत लाइनों को तुरंत दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिया है । उन्होंने विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों को लगातार सक्रिय रहने और लोगों को विद्युत विभाग की सक्रियता दिखे भी इसलिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतो का त्वरित संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्यवाही की जाए और लेटलतीफ़ी न होने पाए तथा शिकायतों का निस्तारण किया जाए । उन्होंने कहा की विद्युत विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को विद्युत आपूर्ति से सम्बंधित शिकायत हेतु आने वाले सभी फोन कॉल्स को अटेंड करने और त्वरित रिस्पॉन्स देने के लिए निर्देशित किया है । उन्होंने ग्राउण्ड लेवल पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सेंसिटाइज़ करने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि विद्युत फाल्ट होने के कारण और कब तक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बहाल होगी के बारे में स्थानीय उपभोक्ताओं को भी अवगत कराया जाए जिससे उपभोक्ताओं को समस्या की जानकारी रहे ।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की मानीटरिंग हेतु डिवीज़न एवं तहसील स्तर पर जनपदीय अधिकारियों को टीम लगाने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा कि जनपदीय अधिकारियों की टीम जिस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की ज्यादा शिकायते प्राप्त हो रही हैं और वहाँ पर आपूर्ति सुचारू करने के कार्य की मॉनिटर करे तथा खराब हुए ट्रांसफार्मर को विद्युत विभाग से निर्धारित समय सीमा में बदला जाना सुनिश्चित करायें ।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत ट्रिपिंग की समस्या की जानकारी लेते हुए ओवरलोडिंग पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं साथ ही ओवरलोड ट्रांसफार्मरो की रूटीन जाँच कराने के लिए कहा है । उन्होंने विद्युत चोरी ,अवैध कनेक्शन तथा कटिया लगाने वालो पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ताकि बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जा सके और ओवरलोडिंग से निजात मिल सके। उन्होंने विद्युत चोरी की शिकायतों वाले क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट व पुलिस एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की जॉइंट पेट्रोलिंग कर विद्युत चोरी पर शख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं जिससे ट्रांसफार्मरो की ओवरलोडिंग से भी बचा जा सके और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके । उन्होंने ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करने तथा उनका लोड किस प्रकार से कम किया जा सके इसके लिए उपाय करने के निर्देश दिए हैं ताकि बार-बार एक ही ट्रांसफार्मर खराब न हो ।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति के रोस्टर का विभिन्न प्रचार माध्यमों से प्रचार -प्रसार करने के निर्देश दिए हैं ताकि उपभोक्ताओं को जानकारी प्राप्त हो सके । उन्होंने कहा कि यदि किसी समय ओवरलोड से विद्युत आपूर्ति के रोस्टर में परिवर्तन होता है तो उसकी सूचना भी प्रसारित की जाए ।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की शिकायतो के बारे में बनाये गए कंट्रोल रूम को 24 घंटे क्रियाशील रखने तथा लोंगो के फ़ोन कॉल पर रिस्पांस देते हुए जानकारी देते रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फीडरवार मॉनीटरिंग की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं ।उन्होंने कहा कि जिन फीडरो में बिजली कटौती की ज्यादा समस्या और शिकायत है वहाँ तत्काल कार्रवाई की जाए और यदि संबंधित एसडीओ और जेई की लापरवाही पायी जाती है तो उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की जाए ।
इस अवसर पर श्री सौरभ गौतम अधीक्षण अभियंता गंगापार,श्री कृष्णा सारस्वत अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल प्रथम,श्री संदीप मौर्या अधिशासी अभियंता तथा राघवेंद्र प्रताप सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत उपस्थित रहे ।
