प्रयागराज में हरित पट्टियों के रखरखाव पर सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

प्रयागराज में हरित पट्टियों के रखरखाव पर सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

 


प्रयागराज में हरित पट्टियों के रखरखाव पर सख्ती, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश


प्रयागराज में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए चौराहों एवं सड़कों के किनारे विकसित हरित पट्टियों के संरक्षण एवं रखरखाव की समीक्षा हेतु मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में त्रिवेणी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की हरित व्यवस्था, पौधारोपण तथा रखरखाव कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।


बैठक में महाकुंभ के दौरान कराए गए कार्यों की डिफेक्ट लायबिलिटी क्लॉज के अंतर्गत सड़कों, हरित पट्टियों एवं पौधों के रखरखाव का आकलन किया गया। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि में अपेक्षित मेंटेनेंस कार्य न करने वाले कॉन्ट्रैक्टर्स की बैंक गारंटी जब्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा तथा अनुबंध की शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।


समीक्षा के दौरान पीडीए द्वारा मेंटेन की जा रही सभी सड़कों पर किए गए हरित विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। चौराहों एवं जंक्शनों के सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बढ़ती गर्मी को देखते हुए ऐसे समर प्लांट्स लगाने पर जोर दिया गया, जो उच्च तापमान में भी टिकाऊ हों। साथ ही अन्य बड़े शहरों में अपनाए जा रहे हरित संरक्षण के मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें स्थानीय स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए गए।


जहां पौधे सूख रहे हैं, उन्हें तत्काल बदलने तथा चौराहों पर सौंदर्यीकरण के तहत उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों का एक व्हाट्सऐप समूह बनाकर प्रतिदिन प्रगति की फोटो साझा करने के निर्देश दिए गए, ताकि उच्च स्तर पर सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।


कुछ प्रमुख चौराहों पर लैंडस्केपिंग कार्य के लिए एक सप्ताह में कार्ययोजना तैयार कर 15 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, वर्टिकल गार्डन में पानी की कमी से प्रभावित पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने अथवा समुचित सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि हरित पट्टियों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies