आगामी बुद्ध जयंती पर ‘साइलेंट प्रीचर: बुद्ध पूर्णिमा शोकेस’ प्रदर्शनी का उद्घाटन, ‘म्यूजिक इन पार्क’ पहल की शुरुआत
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

आगामी बुद्ध जयंती पर ‘साइलेंट प्रीचर: बुद्ध पूर्णिमा शोकेस’ प्रदर्शनी का उद्घाटन, ‘म्यूजिक इन पार्क’ पहल की शुरुआत


आगामी बुद्ध जयंती पर ‘साइलेंट प्रीचर: बुद्ध पूर्णिमा शोकेस’ प्रदर्शनी का उद्घाटन, ‘म्यूजिक इन पार्क’ पहल की शुरुआत


आगामी बुद्ध जयंती के उपलक्ष्य में इलाहाबाद संग्रहालय की पाक्षिक प्रदर्शनी श्रृंखला के अंतर्गत भगवान बुद्ध पर आधारित “साइलेंट प्रीचर: बुद्ध पूर्णिमा शोकेस” प्रदर्शनी का अनावरण श्री शुभाशीष पांडा, अपर सचिव (संस्कृति), प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा किया गया। इस प्रदर्शनी में संग्रहालय के प्रस्तर शिल्प संग्रह से चयनित दुर्लभ कृतियों के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन की तीन प्रमुख घटनाओं—जन्म, सम्बोधि और महापरिनिर्वाण—का सशक्त प्रस्तुतीकरण किया गया है। मान्यता है कि ये तीनों घटनाएँ वैशाख मास की पूर्णिमा को ही घटित हुई थीं, जिसके कारण बुद्ध पूर्णिमा (वेसाक) का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। प्रदर्शित शिल्प काले सिस्ट पत्थर से निर्मित हैं और द्वितीय शताब्दी ईस्वी के कुषाण कालीन गांधार कला शैली के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से उस युग की आध्यात्मिक चेतना और शिल्पकला की परिपक्वता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने “बौद्ध विरासत और कुषाण” शीर्षक पुस्तक का लोकार्पण भी किया, जिसमें पूर्व में आयोजित संगोष्ठी के आमंत्रित शोध आलेख संकलित हैं। यह पुस्तक कुषाण कालीन कला और बौद्ध विचारधारा के अंतर्संबंधों पर महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। इसके पश्चात उन्होंने संग्रहालय की आजाद विथिका एवं प्रस्तर विथिका का अवलोकन कर वहाँ प्रदर्शित विरासत की सराहना की।


इसी क्रम में संग्रहालय की एक अभिनव पहल धरोहर: संगीत संध्या (म्यूजिक इन पार्क) का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताहांत संग्रहालय परिसर में संगीतमय संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे उभरते कलाकारों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्राप्त होगा। उद्घाटन समारोह में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग द्वारा “धरोहर: संगीत संध्या” की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर सहायक आचार्य श्री सुरेन्द्र कुमार को सम्मानित किया गया। संगत में श्री अनुराग मिश्रा (हारमोनियम), श्री दीपक सोनी (तबला) तथा श्री शिवम का योगदान उल्लेखनीय रहा।


मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए मंडलायुक्त एवं संग्रहालय की निदेशक श्रीमती सौम्या अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। प्रदर्शनी का संयोजन सहायक संग्रहाध्यक्ष डॉ संजू मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव, एडीजी प्रयागराज श्री ज्योति नारायण, आईजी रेंज प्रयागराज श्री अजय कुमार मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त संग्रहालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन की सफलता में डॉ सुशील कुमार का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies