प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
नित्यानंद सिंह (जिला संवाददाता)
बलिया (यूपी) थाना फेफना पुलिस को गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद कर उसे उसके वास्तविक स्वामी को सुपुर्द कर दिया, जिससे पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना फेफना पुलिस द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज गुमशुदा मोबाइल की तलाश की जा रही थी।
बताया गया कि आवेदक द्वारा अपने मोबाइल के गुम होने की सूचना सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद थाना फेफना पुलिस, सर्विलांस सेल बलिया तथा साइबर हेल्प डेस्क की सहायता से लगातार मोबाइल की खोजबीन कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 14,500 रुपये) बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
बरामद मोबाइल को नियमानुसार उसके स्वामी को सौंप दिया गया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर स्वामी ने फेफना पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक गुरु प्रसाद सिंह एवं कांस्टेबल अश्वनी कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।
