प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी) मनियर थाना क्षेत्र के पुरब टोला में सोमवार की भोर 5 बजे ओम प्रकाश सिंह के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में छत पर जाने वाली सीढ़ी के पास रखे इनवर्टर और बैटरी में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी फूटने की आशंका जताई जा रही है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें दो गैस सिलेंडर, एक ट्रैक्टर बैटरी, एक इनवर्टर, 20 लीटर गियर ऑयल, 10 लीटर डीजल और एक बोरी गेहूं जलकर राख हो गए।घर के लोग आग की लपटें देखकर जगे, लेकिन तब तक आग ने पूरे सामान को लील लिया था। सूचना मिलते ही मनियर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने सेट फायर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सिलेंडरों से गैस लीक होने और डीजल-तेल के कारण आग भयानक हो चुकी थी। नवका ब्रह्म के मेले पर तैनात ड्यूटी रत पुलिसकर्मी भी सहायता के लिए पहुंचे। बड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। गनीमत रही कि घर के अंदर आग नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।ओम प्रकाश सिंह पुत्र स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह के परिवार ने घटना के बाद राहत की सांस ली। बताते चलें कि ओम प्रकाश की माता जी की तेरहवीं मंगलवार 24 मार्च को ही है। परिवार पहले से शोकाकुल था, ऊपर से यह विपदा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
