युवक की संदिग्ध मौत का राज गहराया, विसरा जांच के बाद खुलेगा सच
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

युवक की संदिग्ध मौत का राज गहराया, विसरा जांच के बाद खुलेगा सच



गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पोर्टरगंज पथवालिया इलाके में 25 वर्षीय कृष्ण मोहन उर्फ अनमोल चौबे की मौत का मामला अब और पेचीदा हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी, जिसके बाद डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। अब विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।


कमरे से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। बताया गया कि काफी देर तक दरवाजा न खुलने और बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो युवक का शव कमरे के अंदर मिला।


पिता ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक


मृतक के पिता, सेवानिवृत्त लेखपाल शामली चौबे ने बेटे के पांच दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले बेटे को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। परिजनों का शक है कि उसी दौरान किसी बात को लेकर अनमोल की हत्या कर दी गई और बाद में शव कमरे में रख दिया गया।


पुलिस हर एंगल से कर रही जांच


पुलिस ने आरोपों के आधार पर युवक के दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की आखिरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।


नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारण स्पष्ट न होने के चलते विसरा जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।


गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies