प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी) मनियर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव में रविवार की शाम एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब बहदुरा निवासी वीरेंद्र कुमार अर्जुन अपने कुछ परिचितों के साथ सुनील मिस्त्री के डेरा पर भोजन कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार उसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति वहां पहुंचा और कथित तौर पर वीरेंद्र पर गड़ासा से वार कर दिया। हमले में उनकी गर्दन और सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह वहीं गिरकर अचेत हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल (बलिया) रेफर कर दिया। वर्तमान में जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच, पहले से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पूर्व में सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक संदेश वायरल होने के कारण तनाव बढ़ा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना पर मनियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गांव में हुई इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। घायल एवं हमलावर पट्टीदार बताएं जा रहे हैं।जो दोनों दलित वर्ग से हैं।
थाना प्रभारी मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

