माननीय मुख्यमंत्री जी के लखनऊ में आयोजित प्रदेश के सभी बोर्डों के हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किये जाने वाले कार्यक्रम का जनपद में किया गया सजीव प्रसारण
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं में जनपद प्रयागराज के हाईस्कूल के 02 तथा इण्टर के 04 विद्यार्थी भी शामिल
माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में जनपद प्रयागराज के 04 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित
सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मा0 जनप्रतिनिधिगणों द्वारा हाईस्कूल के 08 तथा इण्टर के 06 विद्यार्थियों तथा 09 रजत पदक विजेता खिलाड़ियों एवं 02 कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित
छात्र अपनी मेधा को स्थायी बनाने के लिए चार गुना परिश्रम करें और अपने देश को विश्व के पटल पर शीर्ष पर ले जाय-मा0 विधायक फाफामऊ
राज्य सरकार द्वारा विद्यालयों में उपलब्ध करायी गई सभी सुविधाओं से विद्यालयों में बृहत स्तर पर पठन पाठन का माहौल स्थापित हुआ-माननीय विधान परिषद सदस्य
जीवन में सफल होने का मंत्र है सबसे पहले हम एक अच्छे व्यक्तित्व के इंसान बने-जिलाधिकारी
माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरूवार को लखनऊ स्थित लोकभवन के सभागार में प्रदेश के सभी बोर्डों के हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद के सर्किट हाउस सभागार में किया गया। सर्किट हाउस में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय विधायक फाफामऊ श्री गुरु प्रसाद मौर्य, माननीय सदस्य विधान परिषद डॉ0 के०पी० श्रीवास्तव, जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह का जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज श्री पी०एन०सिंह, सम्बंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रदेश में सभी बोर्डो द्वारा संचालित वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा के राज्य स्तरीय मेधावियों को माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा सम्मानित किया गया, जिसमें से जनपद प्रयागराज के राज्य स्तरीय हाईस्कूल के 02 तथा इण्टर के 04 विद्यार्थी भी सम्मिलित थे। साथ ही साथ माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 2024-25 में प्रदेश के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिसमें जनपद प्रयागराज के 4 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल है।
सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मा0 जनप्रतिनिधिगणों के द्वारा जनपद स्तर पर हाईस्कूल के 08 तथा इण्टर के 06 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही साथ 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 2024-25 में प्रदेश स्तर पर जनपद प्रयागराज के 09 रजत पदक विजेता खिलाड़ियों एवं 02 कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मेधावी सम्मान समारोह एवं 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 2024-25 के रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक फाफामऊ श्री गुरू प्रसाद मौर्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारा भारत अपनी मेधा शक्ति के कारण ही जगत गुरु रहा है। मेरी शुभकामना है कि इस अवसर पर सम्मानित होने वाले छात्र अपनी मेधा को स्थायी बनाने के लिए चार गुना परिश्रम करें और अपने देश को विश्व के पटल पर शीर्ष पर ले जाय। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी जब से देश के प्रधानमंत्री बने है तब से देश में हर क्षेत्र में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल मिले, इसके लिए हर प्रकार की सुविधाएं स्कूलों में उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मेधावी छात्रों को सम्मानित कर रही है, यह हमारे लिए बड़े ही हर्ष की बात है। इससे छात्रों का हौसला बढ़ता है और वे मन, परिश्रम व लगन से अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने को प्रेरित होते है।
इस अवसर पर माननीय विधान परिषद सदस्य डॉ० के०पी० श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में राज्य सरकार द्वारा सभी सुविधायें उपलब्ध करायी गई है जिससे विद्यालयों में बृहत स्तर पर पठन पाठन का माहौल स्थापित हुआ है। माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आज सरकारी विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए नई-नई तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अपने सम्बोधन में कहा कि बच्चो को आलस्य त्याग कर अपनी मेधा को और अधिक तराशते हुए देश विदेश मेें अपने देश का नाम बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि 2047 तक देश को विकसित भारत बनाना है और यह लक्ष्य तभी साकार होगा जब आप सभी लोग पूरी निष्ठा, लगन व मेहनत के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल होने का मंत्र है कि सबसे पहले हम एक अच्छे व्यक्तित्व के इंसान बने। उन्होंने कहा शिक्षा के साथ खेल भी आगे बढ़ने का एक अच्छा माध्यम है। उन्होंने बच्चों से कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, परंतु हमें हार जाने पर निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी कमियों को दूर करने का प्रयास करते हुए जीत प्राप्त करने के लिए लगातार अग्रसर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन एक संघर्ष है और हम सभी को इससे विचलित नहीं होना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि आप सभी बच्चों को भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कडी मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ायी करनी है जिससे आप लक्ष्य को ससयम प्राप्त कर सके।
इसके पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पी०एन०सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुरुप जनपद प्रयागराज में नकल विहीन एवं शान्ति पूर्ण परीक्षा सम्पन्न करायी गयी। विद्यालयों में कुशाग्र चेतना के बच्चो का चिन्हाकन कराकर विशेष शिक्षण के माध्यम से छात्र/छात्राओं को योग्यता सूची में स्थान स्थापित करने हेतु प्रेरित किया गया, जिसके फलस्वरुप जनपद प्रयागराज में कुल 06 छात्र/छात्राओं ने राज्य स्तरीय एवं 14 छात्र/छात्राओं ने जनपद स्तरीय योग्यता सूची में जनपद का नाम स्थापित किया है एवं 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता 2024-25 में कुल 15 खिलाड़ियों ने जनपद का नाम स्थापित किया है।
राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले छात्र/छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा उनके खाते में एक लाख रुपया तथा जनपद स्तर पर सम्मानित होने वाले छात्र/छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा उनके खाते में 21 हजार रुपया भेजा गया तथा राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता 04 खिलाड़ियों को जिसमें एकल विजेता को रु०-75000 एवं टीम विजेता को रु०-35000/- मात्र तथा जनपद स्तर पर 09 रजत पदक विजेता जिसमें एकल विजेता को रु०-50000/- एवं टीम विजेता को रु०-25000/- एवं 02 कांस्य पदक विजेता जिसमें एकल विजेता को रु०-30000/- एवं टीम विजेता को रु०-15000/- मात्र भेजा गया। मा० मुख्य अतिथि विधायक फाफामऊ, विधान परिषद सदस्य, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज द्वारा डेमो चेक के साथ-साथ एक-एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ० प्रभाकर त्रिपाठी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री एल०बी०मौर्य, श्री अजय प्रताप सिंह, श्री अजय कुमार गिरि सहित प्रधानाचार्य, डॉ०बी०एस०यादव, श्री संतोष कुमार सिंह, श्री पी०पी० सिंह (जनपदीय सचिव स्काउट एण्ड गाइड) एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अभिभावक आदि उपस्थित रहें। श्री मनीष श्रीवास्तव प्रभारी बोर्ड परीक्षा, श्री बृजेश श्रीवास्तव, खेल सचिव, श्री मुकेश कुमार सहित कार्यालय के सहयोगियों द्वारा कार्यक्रम को अभिराम बनाये जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज श्री पी०एन०सिंह द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
