प्रयागराज: शादी के नाम पर लाखों की रकम ऐंठने और नकदी-गहने लूटकर भागने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में खुल्दाबाद पुलिस ने चार महिलाओं समेत गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हाल ही में शिकार हुए राजस्थान के युवक की शिकायत पर गैंग का पर्दाफाश हुआ। आरोपियों में राजस्थान का एक युवक भी शामिल है। गिरोह के कब्जे से 35 हजार नकद और छह जाली आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर, थाना अकबरपुर निवासी गोपाल गुर्जर ने बताया कि वह अपने बेटे महावीर गुर्जर के लिए रिश्ता खोज रहे थे। इसी दौरान बेटे की मुलाकात श्रीराम गुर्जर से हुई जो रिन्जवास बहतुकला (थालागढ़) जिला अलवर राजस्थान का रहने वाला है। उसने बेटे का अच्छा रिश्ता कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही उनकी बात नेहा नाम की महिला से कराई। उसने उसे कुछ युवतियों की तस्वीरें भेजी, जिसमें एक युवती की तस्वीर पसंद आने पर पांच जून को शादी की तारीख तय की गई। इसके लिए वह बेटे और दो रिश्तेदारों संग पांच जून को प्रयागराज आए। यहां सिविल लाइंस स्थित चित्रगुप्त मंदिर में प्रिया पटेल नाम की युवती से बेटे का विवाह संपन्न हुआ। इससे पहले उनसे शादी व अन्य खर्चों के नाम पर 1.25 लाख रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद लिए गए। शादी के बाद वह बेटे समेत दुल्हन को लेकर लौटने लगे तो खुद को दुल्हन की मां बताने वाली महिला भी गाड़ी में यह कहकर बैठ गई कि वह रास्ते में उतर जाएगी। इसके बाद वे पानी की टंकी ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे थे, तभी तीन मोटरसाइकिल से आए चार युवकों व दो महिलाओं ने कार रोक ली। इनमें से खुद को अमन बताने वाले युवक ने कहा कि दुल्हन उसकी प्रेमिका है और वह उसे लेकर जाने लगा। उन्होंने विरोध किया, लेकिन दुल्हन और खुद को उसकी मां बताने वाली महिला भी उनके साथ हो गई।
प्रकरण की जानकारी के बाद हरकत में आई खुल्दाबाद पुलिस ने उन नंबरों को सर्विलांस पर लगवाया जिनके जरिए गिरोह के सदस्यों से उनकी बातचीत हुई थी। सबसे पहले गिरोह की सरगना नेहा ( असली नाम प्रीति) और फिर गैंग के छह अन्य सदस्यों को पकड़ लिया गया। एडीसीपी अभिजीत कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शादी के नाम पर ठगी करने का उनका पूरा गैंग हैै। शिकायतकर्ता से रकम ऐंठने की बात भी उन्होंने स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह हुए गिरफ्तार
.jpg)